वेस्ट एशिया संकट (West Asia Conflict) हो या फिर कच्चे तेल की कीमतों में उछाल (Crude Oil Price Hike), तमाम ग्लोबल टेंशनों के बीच भी भारतीय अर्थव्यवस्था की रफ्तार तेज है और भारतीय रिजर्व बैंक ने भी इसपर मोहर लगाई है. एमपीसी बैठक के नतीजों का ऐलान करते हुए गवर्नर संजय मल्होत्रा ने जहां रेपो रेट में 25 बेसिस पॉइंट का इजाफा किए जाने की जानकारी देकर लोन लेने वालों को झटका दिया, तो वहीं इंडियन इकोनॉमी को लेकर गुड न्यूज भी दी है. RBI ने देश की जीडीपी ग्रोथ के अनुमान (India's GDP Growth) को बढ़ा दिया है. यानी भारत रुकने वाला नहीं है.
RBI गवर्नर बोले- इकोनॉमी में दम
भारतीय रिजर्व बैंक की एमपीसी बैठक में लिए गए फैसलों का ऐलान करते हुए गवर्नर संजय मल्होत्रा (Sanjay Malhotra) ने कहा कि भारतीय अर्थव्यवस्था मजबूत बनी हुई है. घरेलू आर्थिक गतिविधियों में लचीलापन देखने को मिल रहा है. उन्होंने India's GDP Growth को लेकर कहा कि इस वर्ष के लिए भारत की वास्तविक जीडीपी वृद्धि दर 7.1% रहने का अनुमान है, जो अगस्त महीने में जताए गए 6.7% के अनुमान से सीधे 40 बेसिस पॉइंट ज्यादा है.
दूसरी तिमाही: 6.3% से बढ़कर 7.2%
तीसरी तिमाही: 6.5% से बढ़कर 6.9%
चौथी तिमाही: 6.8% पर यथावत
आरबीआई गवर्नर संजय मल्होत्रा ने इकोनॉमी को लेकर आगे कहा कि दूसरी तिमाही में आर्थिक गतिविधियों में तेजी बरकरार है, मानसून जरूर थोड़ा कमजोर रहा है, मैन्युफैक्चरिंग क्षेत्र में अच्छी स्थिति बनी हुई है, सर्विस सेक्टर भी स्थिर है. इसके अलावा निजी उपभोग में मजबूती दर्ज की गई है और निवेश भी मजबूत है. हालांकि, अल नीनो का असर आगामी रबी सीजन पर देखने को मिल सकता है.
रेटिंग एजेंसियों को भी भरोसा
RBI ने जहां भारत के जीडीपी ग्रोथ अनुमान को बढ़ाया है, तो बता दें इससे पहले भी कई ग्लोबल रेटिंग एजेंसियों ने भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार का लोहा माना है. मूडीज रेटिंग्स (Moody's) ने 2026-27 के लिए अपने रियल जीडीपी ग्रोथ पूर्वानुमान को 6% से बढ़ाकर 7% कर दिया है, जबकि विश्व बैंक (World Bank) ने FY27 के लिए अप्रैल के अपने पूर्वानुमान 6.6% को बढ़ाकर 7.1% कर दिया.
दोनों एजेंसियों ने वेस्ट एशिया संघर्ष, एनर्जी प्राइस हाइक, महंगाई और मानसून की स्थिति से संबंधित जोखिमों की ओर ध्यान भी दिलाया है. इसके बावजूद विश्व बैंक को उम्मीद है कि बाहरी चुनौतियों के कम होने से विकास दर में तेजी आएगी और यह मध्यम अवधि में 7% से ऊपर बनी रहेगी.
आजतक बिजनेस डेस्क