Reliance Earning: 4 दिन... ₹1.39 लाख करोड़ की कमाई, मुकेश अंबानी की कंपनी ने कराई मौज

Reliance Investors Earning: बीता सप्ताह रिलायंस के निवेशकों के लिए शानदार साबित हुआ और मुकेश अंबानी की कंपनी के शेयरों में पैसे लगाने वालों ने सिर्फ चार दिन में ताबड़तोड़ 1.39 लाख करोड़ रुपये से ज्यादा छाप डाले.

Advertisement
मुकेश अंबानी की कंपनी ने कराई निवेशकों की तगड़ी कमाई. (Photo: ITG) मुकेश अंबानी की कंपनी ने कराई निवेशकों की तगड़ी कमाई. (Photo: ITG)

आजतक बिजनेस डेस्क

  • नई दिल्ली,
  • 03 मई 2026,
  • अपडेटेड 4:43 PM IST

शेयर मार्केट (Share Market) में बीते सप्ताह जोरदार उतार-चढ़ाव देखने को मिला. 1 मई को छुट्टी होने के चलते कुल चार दिन ही शेयर बाजार में ट्रेडिंग हुई और इस बीच बॉम्बे स्टॉक एक्सचेंज यानी BSE पर लिस्टेड सेंसेक्स की टॉप-10 कंपनियों में से चार ने अपने निवेशकों को मालामाल किया. इस दौरान बीएसई का 30 शेयरों वाला सेंसेक्स इंडेक्स 249.29 अंक की बढ़त में रहा. कमाई कराने के मामले में मुकेश अंबानी के नेतृत्व वाली रिलायंस इंडस्ट्रीज नंबर-1 पायदान पर रही और इसके निवेशकों ने महज चार दिन में ही 1.39 लाख करोड़ रुपये की कमाई कर डाली. 

Advertisement

BSE में लिस्टेड Top-10 कंपनियों में शामिल जिन चार कंपनियों को फायदा हुआ, उनका कंबाइंड रूप से मार्केट कैपिटलाइजेशन 2.20 लाख करोड़ रुपये के आसपास बढ़ा है. रिलायंस के अलावा, टाटा ग्रुप की कंपनी टीसीएस, टेलीकॉम दिग्गज भारतीय एयरटेल और बजाज फाइनेंस ने निवेशकों की जोरदार कमाई कराई. जबकि ICICI Bank, HDFC Bank से लेकर SBI तक ने तगड़ा घाटा कराया. 

रिलायंस ने की पैसों की बारिश 
Mukesh Ambani की कंपनी रिलायंस इंडस्ट्रीज ने चार दिनों में अपने निवेशकों पर पैसों की बरसात की है और सबसे ज्यादा फायदे में रही. Reliance Share इस दौरान करीब 9 फीसदी चढ़ गया और इसका मार्केट कैपिटलाइजेशन (Reliance Market Cap) 19.36 लाख करोड़ रुपये हो गया. इस हिसाब से कैलकुलेशन करें, तो रिलायंस के निवेशकों की दौलत में 1.39 लाख करोड़ रुपये की बढ़ोतरी हुई है. 

Advertisement

Airtel से TCS तक कमाई
रिलायंस इंडस्ट्रीज के अलावा कमाई कराने के मामले में दूसरे पायदान पर भारतीय एयरटेल रही. इसके शेयरों ने जबर्दस्त प्रदर्शन किया और निवेशकों ने चार दिन में 43,500 करोड़ रुपये की कमाई कर डाली. इस उछाल के साथ कंपनी की मार्केट वैल्यू बढ़कर 11.49 लाख करोड़ रुपये हो गई. तीसरे नंबर पर टाटा की आईटी कंपनी TCS रही, जिसके मार्केट कैप में लगभग 27,500 करोड़ रुपये का उछाल आया और ये 8.94 लाख करोड़ रुपये हो गया. चौथी कंपनी बजाज फाइनेंस है, इसका मार्केट कैप (Bajaj Finance MCap) 9,400 करोड़ रुपये की तेजी के साथ 5.83 लाख करोड़ रुपये पर पहुंच गया. 

बैंकों में पैसे लगाने वालों को झटका
Sesnex Top-10 कंपनियों में शामिल बैंकों में पैसे लगाने वालों को सबसे ज्यादा घाटा उठाना पड़ा. ICICI Bank के निवेशकों को तगड़ा नुकसान हुआ और इसकी मार्केट वैल्यू गिरकर 9.04 लाख करोड़ रुपये पर आ गई. इस हिसाब से निवेशकों के 4 दिन में 45,300 करोड़ रुपये स्वाहा हो गए. 

देश के सबसे बड़े सरकारी बैंक एसबीआई का मार्केट कैप भी फिसला और ये 30,900 करोड़ रुपये के आसपास गिरकर 9.85 लाख करोड़ रुपये रह गया. प्राइवेट सेक्टर के सबसे दिग्गज बैंक HDFC Bank Market Cap की बात करें, तो इसमें करीब 20,900 करोड़ रुपये से ज्यादा की गिरावट दर्ज की गई और ये गिरकर 11.87 लाख करोड़ रुपये रह गया. 

Advertisement

इन तीन कंपनियों को भी घाटा
अपने निवेशकों को नुकसान कराने वाली अन्य कंपनियों में एफएमसीजी दिग्गज एचयूएल भी शामिल रही, जिसे लगभग 18,420 करोड़ रुपये का घाटा हुआ और HUL MCap 5.29 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. देश की सबसे बड़ी बीमा कंपनी LIC की मार्केट वैल्यू 8,222 करोड़ रुपये कम होकर 5.05 लाख करोड़ रुपये रह गया. इसके अलावा LT का मार्केट कैपिटल 179 करोड़ रुपये की गिरावट के साथ 5.52 लाख करोड़ रुपये पर आ गया. 

बहरहाल, मार्केट कैप के लिहाज से देश की सबसे बड़ी कंपनियों की लिस्ट में सबसे ऊपर मुकेश अंबानी की कंपनी रिलायंस का दबदबा कायम रहा. इसके बाद क्रमश: HDFC Bank, Bharti Airtel, SBI, ICICI Bank, TCS, Bajaj Finance, LT, HUL और LIC का स्थान रहा. 

(नोट- शेयर बाजार में किसी भी तरह के निवेश से पहले अपने मार्केट एक्सपर्ट्स की सलाह जरूर लें.)

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement