क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म ब्लिंकिट और प्राइवेट एयरपोर्ट संचालक अडानी एयरपोर्ट होल्डिंग्स लिमिटेड (AAHL) के बीच एक करार हुआ है. जिसके तहत अब अब एयरपोर्ट के अंदर यात्रियों को ब्लिंकिट से प्रोडक्ट्स डिलीवरी की सुविधा मिल सकेगी. इसकी शुरुआत मुंबई स्थित छत्रपति शिवाजी महाराज अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे (CSMIA) से की गई है.
भारत की ये पहली इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स सर्विस की शुरुआत है, जो मुंबई एयरपोर्ट में टर्मिनल-2 में घरेलू उड़ानों के लिए शुरू की गई है. इसकी जानकारी अडानी एयरपोर्ट द्वारा एक प्रेस रिलीज जारी कर दी गई है.
एयरपोर्ट में इन जगहों पर डिलीवरी
कंपनी की ओर से बताया गया है कि फिलहाल CSMIA टर्मिनल-2 पर ये इन-टर्मिनल क्विक कॉमर्स सर्विस स्टार्ट है. हवाई यात्री ब्लिंकिट ऐप के माध्यम से अपनी जरूरत का सामान ऑर्डर कर सकते हैं और सीधे एयरपोर्ट के अंदर उस ऑर्डर को रिसीव कर सकते हैं. एयरपोर्ट में ब्लिंकिट द्वारा की जाने वाली डिलीवरी के लिए पॉइंट भी सेट किए गए हैं. इनमें बोर्डिंग गेट, लाउंज एरिया, फूड कोर्ट और कुछ पार्टनर आउटलेट्स शामिल हैं.
यात्रियों के लिए बड़ी सहूलियत
AAHL के प्रवक्ता की ओर से इस साझेदारी के बारे में बताते हुए कहा गया है कि अडानी एयरपोर्ट्स इस बात पर विचार कर रहा है कि डिजिटल सर्विस के जरिए हवाई अड्डे के अनुभव को यात्रियों के लिए कैसे और बेहतर बनाया जा सकता है. टर्मिनल में ऐप बेस्ड क्विक कॉमर्स सर्विस से यात्रियों को अपने समय का बेहतर उपयोग करने में मदद मिलती है.
कंपनी के मुताबिक, ये क्विक डिलीवरी सर्विस ट्रेंड ऑन ग्राउंड स्टाफ द्वारा संचालित की जा रही है. अगर आप एयरपोर्ट जाते समय मोबाइल चार्जर या अन्य कोई जरूरी इलेक्ट्रिक प्रोडक्ट, बेबी प्रोडक्ट्स या पर्सनल केयर से जुड़े सामान भूल गए हैं, तो फिर इस ब्लिंकिट क्विक सर्विस का इस्तेमाल कर ऑर्डर कर सकते हैं और इन्हें महज कुछ ही मिनटों में पा सकते हैं. आप किताबें या फिर स्नैक्स भी ऑर्डर कर सकते हैं.
2500 से ज्यादा चीजें कर सकेंगे ऑर्डर
Blinkit के को-फाउंडर अलबिंदर ढींडसा ने भी अडानी एयरपोर्ट के साथ किए गए इस कार के बारे में जानकारी शेयर की है. उन्होंने कहा है कि एएएचएल के साथ हमारी साझेदारी के जरिए यात्री अब ब्लिंकिट ऐप पर फोन चार्जर, किताबें, गिफ्ट और अन्य 2500 से अधिक सेलेक्टेड प्रोडक्ट्स ऑर्डर कर सकते हैं, जो सीधे टर्मिनल के भीतर पहुंचाए जाएंगे. उन्होंने खुशी जाहिर करते हुए कहा कि ये दुनिया का ऐसा पहला एयरपोर्ट होगा, जिसने इस तरह की सर्विस शुरू की है.
आजतक बिजनेस डेस्क