नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव ने पटना के दो कोचिंग संस्थानों के बीच हुए विवाद और कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की संदिग्ध मौत के मामले की सीबीआई CBI जांच कराने की मांग की है. इस संबंध में उन्होंने मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को पत्र लिखकर मामले को CBI को सौंपने का अनुरोध किया है.
तेजस्वी यादव ने अपने पत्र में कहा है कि कुछ दिनों पहले बिहार की राजधानी पटना स्थित दो कोचिंग संस्थानों के बीच विवाद के बाद कथित रूप से मारपीट, तोड़फोड़ और गोलीबारी की घटना हुई थी. इस मामले में दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए थे.
उन्होंने कहा कि कोचिंग संचालक रौशन आनंद के भाई प्रिंस यादव की नेपाल में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत की खबर सामने आने के बाद मामला और गंभीर हो गया है.
तेजस्वी यादव ने पुलिस की कार्यशैली पर उठाए सवाल
इस घटना ने आम लोगों के बीच कई सवाल खड़े कर दिए हैं और पूरे मामले को लेकर चर्चा तेज हो गई है. तेजस्वी यादव ने राज्य सरकार और बिहार पुलिस की कार्यशैली पर भी सवाल उठाए हैं. उन्होंने कहा कि मामले की जांच और कार्रवाई को लेकर सरकार तथा पुलिस की निष्पक्षता पर गंभीर प्रश्नचिह्न लग रहे हैं.
ऐसे में जनता के बीच सच्चाई सामने लाने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने के लिए स्वतंत्र एजेंसी से जांच कराना आवश्यक है. नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया है कि जनभावनाओं और मामले की गंभीरता को देखते हुए पूरे प्रकरण की जांच सीबीआई को सौंप दी जाए, ताकि सभी पहलुओं की निष्पक्ष, प्रभावी और गहन जांच हो सके.
दोषी के खिलाफ कार्रवाई हो
तेजस्वी यादव ने कहा कि जांच पूरी होने के बाद जो भी व्यक्ति दोषी पाए जाएं, उनके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई सुनिश्चित की जानी चाहिए. उन्होंने कहा कि निष्पक्ष जांच से ही लोगों का भरोसा कायम होगा और पूरे मामले की सच्चाई सामने आ सकेगी.
रोहित कुमार सिंह