बिहार के समस्तीपुर जिले के शाहपुर पटोरी रेलवे स्टेशन पर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया. शादी समारोह से लौट रहा एक परिवार ट्रेन पकड़ने के लिए स्टेशन पहुंचा था, जहां प्लेटफॉर्म बदलने के दौरान यह खतरनाक घटना सामने आई. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पूरे इलाके में चर्चा का विषय बन गया है.
जानकारी के अनुसार, रोसड़ा का एक परिवार वैशाली जिले के जंदाहा में शादी समारोह में शामिल होकर लौट रहा था. सभी लोग ऑटो से पटोरी स्टेशन पहुंचे थे और हाजीपुर होते हुए रोसड़ा लौटने वाले थे. परिवार के सदस्य प्लेटफॉर्म नंबर-2 पर खड़े थे, तभी उन्हें सूचना मिली कि उनकी ट्रेन प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर आएगी.
यह भी पढ़ें: दिल्ली के खुले सीवर में समस्तीपुर के बेटे की मौत, पत्नी का आरोप- धक्का देकर मार डाला
ट्रेन पकड़ने की जल्दी में परिवार के सदस्य शॉर्टकट अपनाते हुए रेलवे ट्रैक पार करने लगे. इसी दौरान अचानक तेज गति से मालगाड़ी आ गई, जिसे देख स्टेशन पर मौजूद लोगों की सांसें थम गईं.
प्लेटफॉर्म बदलने की जल्दबाजी बनी हादसे की वजह
बताया गया कि परिवार के दो सदस्य पहले ही प्लेटफॉर्म पर पहुंच गए थे, जबकि तीन महिलाएं और एक बच्चा पीछे रह गए. इसी बीच अचानक मालगाड़ी तेजी से गुजरने लगी. स्थिति को समझते ही महिलाओं ने सूझबूझ दिखाते हुए बच्चे को पकड़ लिया और प्लेटफॉर्म की दीवार से चिपक गईं.
वायरल वीडियो में साफ दिखाई देता है कि मालगाड़ी के करीब दस डिब्बे उनके ऊपर से गुजर गए. इस दौरान डिब्बों में लगे लोहे के हिस्सों से महिलाओं को चोटें भी लगीं. हालांकि बड़ा हादसा टल गया और सभी की जान बच गई.
घटना के बाद घायल महिलाओं को तुरंत पटोरी अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उन्हें मामूली रूप से घायल बताया गया.
देखें वीडियो...
घायल महिलाओं की पहचान और वायरल वीडियो पर चर्चा
घायलों में रोसड़ा की रहने वाली सोनाली देवी, जयमाला देवी, ममता देवी और एक बच्चा शामिल हैं. घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिस पर लोग अलग-अलग प्रतिक्रिया दे रहे हैं.
कुछ लोग इसे मां की ममता और महिलाओं की सूझबूझ से जोड़कर देख रहे हैं, जबकि कई लोग इसे गंभीर लापरवाही बता रहे हैं. हालांकि इस घटना में चार लोगों की जान बचने को लेकर इलाके में चर्चा तेज है.
रेलवे ट्रैक पार करने को लेकर चेतावनी
इस घटना ने रेलवे ट्रैक पार करने के खतरों को एक बार फिर सामने ला दिया है. लोगों से अपील की जा रही है कि शॉर्टकट के चक्कर में रेलवे पटरियां पार कर अपने जीवन को जोखिम में न डालें. समय की बचत की कोशिश कभी भी बड़ी दुर्घटना का कारण बन सकती है.
जहांगीर आलम