जहां 24 जून को पहुंचे थे CM सम्राट चौधरी, उसी ऐतिहासिक मठ से प्राचीन मूर्तियां और आभूषण की हो गई चोरी

बिहार के समस्तीपुर में ऐतिहासिक चकोटी मठ से करीब 200 साल पुरानी अष्टधातु की भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की मूर्तियां, आभूषण और दानपेटी चोरी होने से सनसनी फैल गई. चोरी की गई सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये बताई जा रही है. पुलिस और एफएसएल टीम जांच में जुटी है, जबकि ग्रामीणों में भारी आक्रोश है.

Advertisement
CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस.(Photo: Jahangir Alam/ITG) CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस.(Photo: Jahangir Alam/ITG)

जहांगीर आलम

  • समस्तीपुर,
  • 12 जुलाई 2026,
  • अपडेटेड 11:46 PM IST

बिहार के समस्तीपुर जिले से आस्था को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है. खानपुर प्रखंड स्थित ऐतिहासिक चकोटी मठ में चोरों ने गर्भगृह को निशाना बनाते हुए करीब 200 साल पुरानी अष्टधातु की भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की प्राचीन मूर्तियां, बहुमूल्य आभूषण, दानपेटी और अन्य धार्मिक सामग्री चोरी कर ली. चोरी गए सामान की कीमत करीब डेढ़ करोड़ रुपये आंकी जा रही है. घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है.

Advertisement

बताया जा रहा है कि चोरी की वारदात शनिवार देर रात हुई. रविवार सुबह जब मंदिर के पुजारी रोज की तरह पूजा-अर्चना के लिए गर्भगृह पहुंचे तो मंदिर का दरवाजा खुला मिला. अंदर जाकर देखा तो भगवान राम, सीता और लक्ष्मण की अष्टधातु निर्मित मूर्तियां, धनुष-बाण, छत्र, आभूषण, दानपेटी और अन्य बहुमूल्य धार्मिक सामग्री गायब थी.

यह भी पढ़ें: बिहार: समस्तीपुर में मोहर्रम जुलूस के दौरान खूनी वारदात, युवक की चाकू गोदकर हत्या

घटना की जानकारी मिलते ही पुजारी ने ग्रामीणों और पुलिस को सूचना दी. देखते ही देखते बड़ी संख्या में श्रद्धालु और स्थानीय लोग मठ परिसर में पहुंच गए. चोरी की खबर से लोगों में भारी आक्रोश फैल गया और पुलिस प्रशासन में भी हड़कंप मच गया.

एफएसएल टीम पहुंची, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

घटना की गंभीरता को देखते हुए खानपुर थाना पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम को भी बुलाया गया. एफएसएल टीम ने मौके से वैज्ञानिक साक्ष्य जुटाए और तकनीकी जांच शुरू कर दी.

Advertisement

पुलिस मठ परिसर और आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि चोरों की पहचान की जा सके. अधिकारियों का कहना है कि चोरी के हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है.

जानकारी के मुताबिक, चोरी हुई अष्टधातु की मूर्तियां करीब 200 साल पुरानी हैं. वहीं, गर्भगृह से चोरी हुए कई आभूषण सोने और अन्य बहुमूल्य धातुओं से बने बताए जा रहे हैं. यही वजह है कि इस वारदात को बेहद गंभीर माना जा रहा है.

24 जून को प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव में पहुंचे थे CM सम्राट चौधरी

ऐतिहासिक चकोटी मठ क्षेत्र की प्रमुख धार्मिक आस्था का केंद्र माना जाता है. इसकी स्थापना करीब दो सौ वर्ष पहले हुई थी. वर्ष 2012 से महामंडलेश्वर श्री राम सेवक दास जी महाराज यहां पूजा-अर्चना और धार्मिक गतिविधियों का संचालन कर रहे हैं.

इसी वर्ष जून 2026 में यहां 11 दिवसीय विष्णु महायज्ञ एवं प्राण प्रतिष्ठा महोत्सव का आयोजन हुआ था. 24 जून को बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी भी इस कार्यक्रम में शामिल हुए थे और भगवान विष्णु के 24 अवतारों की विग्रह प्रतिमाओं की प्राण प्रतिष्ठा के दौरान पूजा-अर्चना की थी.

महामंडलेश्वर श्री राम सेवक दास महाराज ने बताया कि अष्टधातु की ये प्राचीन मूर्तियां उन्हें उनके गुरु से प्राप्त हुई थीं, जिन्हें वर्ष 2012 में चकोटी मठ में स्थापित कराया गया था. उन्होंने कहा कि यह सिर्फ चोरी की घटना नहीं, बल्कि धार्मिक आस्था पर गहरा आघात है. उन्होंने पुलिस से जल्द से जल्द मूर्तियों और धार्मिक सामग्री की बरामदगी तथा आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है. फिलहाल पुलिस सभी पहलुओं की जांच में जुटी है और श्रद्धालु प्राचीन मूर्तियों की सुरक्षित बरामदगी की प्रार्थना कर रहे हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »