बिहार में क्राइम है, अपराध नहीं! CM सम्राट चौधरी के बयान पर प्रशांत किशोर का तंज

प्रशांत किशोर ने सीएम सम्राट चौधरी के 'अपराध-क्राइम' वाले बयान पर तंज कसते हुए 'सातवीं फेल' वाली टिप्पणी की. साथ ही, उन्होंने दो निर्दलीय एमएलसी के बीजेपी में शामिल होने और मधुबनी गोलीकांड के मुद्दे पर भी सरकार को घेरा.

Advertisement
सम्राट चौधरी के बयान पर प्रशांत का तंज. (Photo: ITG) सम्राट चौधरी के बयान पर प्रशांत का तंज. (Photo: ITG)

aajtak.in

  • पटना,
  • 05 नवंबर 2026,
  • अपडेटेड 2:08 AM IST

बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को एक ऐसा बयान दिया, जिस पर अब सियासी तंज शुरू हो गए हैं. उन्होंने कहा कि बिहार में क्राइम हो सकता है, लेकिन अपराध नहीं. उनके इस बयान पर जन सुराज के संस्थापक प्रशांत किशोर ने बुधवार को निशाना साधा. उन्होंने मुख्यमंत्री पर तंज कसते हुए कहा कि जब सातवीं फेल व्यक्ति को नेता बना दिया जाता है, तो ऐसे बयानों की उम्मीद की जा सकती है.

Advertisement

प्रशांत किशोर बेगूसराय में एक सभा को संबोधित कर रहे थे. इसी दौरान उन्होंने सम्राट चौधरी के बयान का जिक्र किया. उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री हर 5-10 दिन में ऐसा कुछ बोल देते हैं, जिससे लोगों को हंसने का मौका मिल जाता है.

सम्राट चौधरी ने क्या कहा था?

सम्राट चौधरी ने मंगलवार को नई दिल्ली में एक कार्यक्रम के दौरान दावा किया था कि "हमारे यहां कोई अपराध नहीं है. अपराध का कॉन्सेप्ट ही खत्म हो चुका है. क्राइम हो सकते हैं, लेकिन अपराध नहीं, कोई अपराधी नहीं है."

दरअसल, क्राइम और अपराध दोनों का मतलब एक ही होता है. ऐसे में मुख्यमंत्री के इस बयान को लेकर तंज कसते हुए प्रशांत किशोर ने बेगुसराय की एक सभा में कहा कि जब सातवीं कक्षा फेल व्यक्ति को बड़ा पद दे दिया जाएगा, तो ऐसे ही बयान सुनने को मिलेंगे. उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि यह बयान ऐसा है जिस पर हर पांच से दस दिन में लोगों को हंसने का मौका मिल जाता है.

Advertisement

दो निर्दलीय MLC के बीजेपी में जाने पर भी घेरा

प्रशांत किशोर ने बिहार के दो निर्दलीय विधान परिषद सदस्यों के बीजेपी में शामिल होने पर भी सवाल उठाए. बंशीधर ब्रजवासी और राहुल राज 31 अक्टूबर को बीजेपी में शामिल हुए थे. दोनों हाल ही में निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर विधान परिषद का चुनाव जीते थे.

विपक्षी दलों ने दोनों की सदस्यता रद्द करने की मांग की है. प्रशांत किशोर ने कहा कि दोनों ने असंवैधानिक काम किया है और इसके चलते उनकी सदस्यता जा सकती है. उन्होंने यह भी कहा कि बीजेपी की सरकार होने के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सकेगा.

मधुबनी गोलीकांड पर पीड़ित परिवार के साथ खड़ी जन सुराज

प्रशांत किशोर ने मधुबनी में हुए गोलीकांड पर भी अपनी बात रखी. यहां एक ASI पर आरोप है कि वह गांव में एक महिला के घर पहुंचा था. इसी दौरान पकड़े जाने के बाद उसने अपनी सर्विस रिवॉल्वर से गोली चला दी. इस घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई, जबकि तीन लोग घायल हुए. वारदात के बाद आरोपी ASI फरार हो गया.

प्रशांत किशोर ने कहा कि जन सुराज पीड़ित परिवार के साथ खड़ी है. पार्टी के एक प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को परिवार से मुलाकात की है. उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल से मिली जानकारी के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »