घर के बाहर खेल रहा था 4 साल का मासूम, आवारा कुत्ते ने जमीन पर गिराकर काटा, CCTV में कैद

मुजफ्फरपुर में घर के बाहर खेल रहे चार साल के बच्चे पर करीब आधा दर्जन आवारा कुत्तों ने हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्चे को घेरकर जमीन पर गिराया और शरीर के कई हिस्सों में काटकर घायल कर दिया. बच्चे की चीख सुनकर आसपास के लोग पहुंचे और लाठी-डंडों से कुत्तों को भगाया. इलाज के बाद बच्चा खतरे से बाहर है.

Advertisement
आवारा कुत्तों ने 4 साल के मासूम पर किया हमला. (Photo: Manibhushan Sharma/ITG) आवारा कुत्तों ने 4 साल के मासूम पर किया हमला. (Photo: Manibhushan Sharma/ITG)

मणि भूषण शर्मा

  • मुजफ्फरपुर,
  • 24 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 6:38 PM IST

मुजफ्फरपुर में आवारा कुत्तों के झुंड ने घर के बाहर खेल रहे चार साल के मासूम बच्चे पर हमला कर दिया. अचानक हुए इस हमले से बच्चा जमीन पर गिर गया. इसके बाद कुत्तों ने उसे कई जगह काटकर घायल कर दिया. पूरी घटना पास में लगे CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई. मामला नगर थाना क्षेत्र के बड़ी करबला, वार्ड नंबर 11 का है. घायल बच्चे की पहचान बड़ी करबला निवासी मोहम्मद नदीम के चार वर्षीय बेटे मोहम्मद जोहैद के रूप में हुई है. बताया गया कि सोमवार सुबह जोहैद अपने घर के पास सड़क किनारे खेल रहा था. इसी दौरान वहां आवारा कुत्तों का एक झुंड पहुंच गया.

Advertisement

बच्चा कुछ समझ पाता, इससे पहले ही कुत्तों ने उसे घेर लिया. करीब आधा दर्जन कुत्ते बच्चे की तरफ बढ़े और उस पर हमला कर दिया. कुत्तों ने बच्चे को जमीन पर गिरा दिया. इसके बाद उन्होंने बच्चे के शरीर के कई हिस्सों में काट लिया. अचानक हुए हमले से बच्चा चीखने लगा. बच्चे की चीख-पुकार सुनकर आसपास के लोग और राहगीर तुरंत मौके पर पहुंचे. लोगों ने लाठी-डंडों की मदद से कुत्तों को भगाने की कोशिश की. काफी शोर मचाने और कुत्तों को डराने के बाद वे बच्चे को छोड़कर वहां से भाग गए. इसके बाद लोगों ने घायल बच्चे को संभाला और उसके परिजनों को इसकी जानकारी दी.

कुत्तों के झुंड ने मासूम बच्चे पर किया हमला

घटना के बाद परिजन बच्चे को इलाज के लिए मुजफ्फरपुर सदर अस्पताल लेकर पहुंचे. बच्चे को अस्पताल के इमरजेंसी वार्ड में ले जाया गया. डॉक्टरों ने उसके जख्मों की जांच की और इलाज शुरू किया. उसके शरीर पर हुए घावों की सफाई की गई. अस्पताल में बच्चे को एंटी-रेबीज वैक्सीन भी दी गई. इसके साथ ही डॉक्टरों ने जरूरी दवाएं दीं. प्राथमिक उपचार के बाद बच्चे की हालत खतरे से बाहर बताई गई. इलाज के बाद उसे अस्पताल से छुट्टी दे दी गई.

Advertisement

इस पूरी घटना का CCTV फुटेज भी सामने आया है. कैमरे में बच्चा सड़क किनारे खेलता हुआ दिखाई देता है. इसी दौरान आवारा कुत्तों का झुंड वहां पहुंचता है और बच्चे को घेर लेता है. इसके बाद कुत्ते बच्चे पर हमला कर देते हैं. बच्चा जमीन पर गिर जाता है और कुत्ते उसे काटने लगते हैं. स्थानीय लोगों के मुताबिक, बड़ी करबला इलाके में आवारा कुत्तों का झुंड अक्सर घूमता रहता है. लोगों का कहना है कि कुत्तों की वजह से इलाके में बच्चों और राहगीरों के बीच डर का माहौल बना रहता है. खासकर छोटे बच्चों को लेकर परिवारों की चिंता बढ़ गई है.

घटना पास में लगे सीसीटीवी में कैद 

स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस समस्या का समाधान करने की मांग की है. उनका कहना है कि इलाके में घूम रहे आवारा कुत्तों के खिलाफ अभियान चलाया जाना चाहिए, ताकि बच्चों और राहगीरों को इस तरह के हमलों का सामना न करना पड़े. फिलहाल चार साल का जोहैद इलाज के बाद अपने घर लौट चुका है. इस घटना ने एक बार फिर इलाके में आवारा कुत्तों को लेकर लोगों की चिंता बढ़ा दी है. सोमवार सुबह हुई इस पूरी घटना को पास लगे CCTV कैमरे ने रिकॉर्ड कर लिया, जिसमें कुत्तों के झुंड द्वारा बच्चे पर हमला किए जाने की तस्वीरें दिखाई दे रही हैं.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »