बिहार के मुजफ्फरपुर में पूर्व पार्षद हरेंद्र कुमार सिंह के गोदाम और कार पर फायरिंग की गई. शनिवार-रविवार रात सिकंदरपुर थाना क्षेत्र के बालूघाट स्थित ढुलानी मोहल्ले में हुई इस वारदात का सीसीटीवी फुटेज सामने आया है. इसमें आरोपी गोली चलाते दिखाई दे रहे हैं. पूर्व पार्षद ने तीन लोगों पर हमला करने और 25 लाख रुपये की रंगदारी मांगने का आरोप लगाया है.
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है. हमले के दौरान वहां खड़ी कार और गोदाम के शटर पर गोलियां लगीं, जिसके निशान मौके पर मिले हैं. पुलिस ने घटनास्थल से दो खोखा और एक कारतूस बरामद किया है. पूर्व पार्षद ने अपनी शिकायत में उनके बेटे को भी निशाना बनाए जाने का आरोप लगाया है.
यह भी पढ़ें: मुजफ्फरपुर में 435 किलो स्मैक के साथ दो भाई गिरफ्तार, घर से हो रही थी नशे की सप्लाई
CCTV फुटेज में फायरिंग करते दिखे आरोपी
वारदात से जुड़ा सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस जांच में जुट गई है. वीडियो में बदमाशों को गोली चलाते देखा जा सकता है. पुलिस घटनास्थल से जुटाए गए साक्ष्यों के साथ फुटेज की भी जांच कर रही है, ताकि हमले में शामिल लोगों की पहचान और उनकी भूमिका स्पष्ट हो सके.
तीन आरोपियों के खिलाफ नामजद FIR
एसडीपीओ टाउन-1 सुरेश कुमार ने बताया कि बालूघाट में हरेंद्र कुमार सिंह के घर पर फायरिंग की गई है. पूर्व पार्षद की ओर से दिए गए आवेदन के आधार पर तीन लोगों के खिलाफ नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है. पुलिस आरोपियों को पकड़ने के लिए लगातार छापेमारी कर रही है.
रंगदारी और आपसी विवाद के एंगल से जांच
पुलिस की शुरुआती जांच में दोनों पक्षों के बीच पहले से आपसी विवाद और रंगदारी मांगने को लेकर तनाव की बात सामने आई है. पूर्व पार्षद ने 25 लाख रुपये की मांग किए जाने का आरोप लगाया है. पुलिस इस पहलू की भी पड़ताल कर रही है कि फायरिंग के पीछे रंगदारी का दबाव था या पुराना विवाद इसकी वजह बना.
फिलहाल, पुलिस सीसीटीवी फुटेज और घटनास्थल से बरामद साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है. तीनों नामजद आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
मणि भूषण शर्मा