बिहार के कटिहार जिले में सोशल मीडिया के दुरुपयोग का एक गंभीर मामला सामने आया है. यहां एक पति ने अपनी ही पत्नी के निजी और आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए. पत्नी की शिकायत के बाद साइबर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस अब उसे न्यायिक प्रक्रिया पूरी कर जेल भेजने की तैयारी कर रही है.
गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनिहारी थाना क्षेत्र के नीलकोठी निवासी दयानंद कुमार उर्फ दयानंद वर्मा उर्फ दयानंद साह के रूप में हुई है. पीड़िता ने 9 जनवरी 2026 को साइबर थाना कटिहार में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी. शिकायत के आधार पर साइबर थाना ने कांड संख्या 4/26 दर्ज कर मामले की जांच शुरू की.
जांच में सामने आया कि दयानंद की शादी वर्ष 2023 में हुई थी. शादी के बाद से ही उसे अपनी पत्नी पर किसी अन्य शख्स के साथ संबंध होने का शक था. पत्नी जब भी मायके जाती थी, उसे संदेह होता था कि वह किसी के साथ चली गई है. इसी शक और संकीर्ण मानसिकता के चलते उसने अपनी पत्नी के निजी और आपत्तिजनक फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर डालने शुरू कर दिए.
पत्नी के निजी फोटो-वीडियो किए वायरल
पुलिस के अनुसार आरोपी का मकसद पत्नी की बदनामी करना था. साथ ही जांच में यह भी सामने आया है कि वह सोशल मीडिया पर लाइक, कमेंट और प्रचार-प्रसार हासिल कर खुद को चर्चा में लाना चाहता था. शिकायत दर्ज होने के बाद से आरोपी फरार चल रहा था, जबकि उसकी पत्नी अपने मायके में रह रही थी.
साइबर थाना पुलिस लगातार उसकी तलाश में जुटी थी. आखिरकार सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम ने छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया. गिरफ्तारी के बाद पूछताछ में दयानंद ने अपनी पत्नी के निजी फोटो और वीडियो सोशल मीडिया पर पोस्ट करने की बात स्वीकार की. हालांकि उसने पत्नी पर किसी अन्य व्यक्ति के साथ संबंध होने का शक भी जताया.
साइबर डीएसपी आशिफ आलम ने बताया कि पत्नी की शिकायत के आधार पर जांच की गई और आरोपों की पुष्टि होने के बाद आरोपी को गिरफ्तार किया गया. उन्होंने कहा कि यह कानूनन अपराध है. समाज में कुछ लोग सोशल मीडिया पर लोकप्रिय होने या चर्चा में आने के लिए इस तरह के काम करते हैं, लेकिन ऐसे कृत्य गंभीर अपराध की श्रेणी में आते हैं.
मोबाइल जांच में मिले कई आपत्तिजनक फोटो और वीडियो
डीएसपी ने बताया कि आरोपी का मोबाइल फोन जब्त कर लिया गया है. जांच के दौरान मोबाइल से पत्नी के कई निजी और आपत्तिजनक फोटो तथा वीडियो मिले हैं. इन्हें फॉरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा. पुलिस यह भी पता लगाने की कोशिश कर रही है कि कहीं अन्य प्लेटफॉर्म पर भी ऐसी सामग्री साझा तो नहीं की गई. फिलहाल पुलिस मामले की आगे की जांच कर रही है. वहीं आरोपी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई के तहत जेल भेजा जा रहा है.
बिपुल राहुल