बिहार के कटिहार में आर्थिक अपराध इकाई (EOU) की छापेमारी से शिक्षा विभाग में हड़कंप मच गया है. किशनगंज में तैनात जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (DPO) रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने के मामले में जांच एजेंसी ने बड़ी कार्रवाई की है. करीब 9 घंटे तक चली छापेमारी में दो ठिकानों से नकदी, सोना, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं.
2.45 करोड़ की आय से अधिक संपत्ति का आरोप
आर्थिक अपराध इकाई की टीम ने मंगलवार सुबह कटिहार के सहायक थाना क्षेत्र स्थित ऑफिसर्स कॉलोनी में रूबी कुमारी के पैतृक आवास और उनके निजी अपार्टमेंट पर एक साथ छापेमारी शुरू की. कार्रवाई के बाद से ही शिक्षा विभाग में इस मामले को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं.
बिहार पुलिस मुख्यालय के आर्थिक अपराध प्रभाग की ओर से जारी प्रेस नोट के मुताबिक, रूबी कुमारी और उनके पति गौरव कुमार के खिलाफ आपराधिक षड्यंत्र के तहत आय के ज्ञात वैध स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने का प्रथम दृष्टया साक्ष्य मिला है.
आरोप है कि दंपति ने कुल 2,45,84,000 रुपये की आय से अधिक संपत्ति अर्जित की है. यह उनकी ज्ञात आय से करीब 87.49 प्रतिशत अधिक बताई गई है.
9 घंटे की छापेमारी में क्या-क्या मिला?
आर्थिक अपराध इकाई के DSP मिथिलेश कुमार जायसवाल ने बताया कि करीब 9 घंटे तक चली छापेमारी के दौरान रूबी कुमारी के कटिहार स्थित दोनों ठिकानों से 2 लाख 80 हजार रुपये नकद, 229 ग्राम सोना, बैंक पासबुक और जमीन से जुड़े दस्तावेज बरामद किए गए हैं. बरामद जमीन के कागजातों की समीक्षा मुख्यालय स्तर पर की जा रही है. जांच पूरी होने के बाद विस्तृत प्रेस विज्ञप्ति जारी की जाएगी.
कटिहार और पूर्णिया में भी रह चुकी हैं DPO
रूबी कुमारी इससे पहले कटिहार और पूर्णिया जिले में शिक्षा विभाग की जिला कार्यक्रम पदाधिकारी के पद पर कार्यरत रह चुकी हैं. फिलहाल उनकी तैनाती किशनगंज जिले में है.
सूत्रों के मुताबिक, वर्ष 2018 से 2025 के बीच सात वर्षों में रूबी कुमारी ने अलग-अलग स्थानों पर जमीन खरीदी थी. अब जांच एजेंसी बरामद दस्तावेजों के आधार पर संपत्ति और आय के स्रोतों की पड़ताल कर रही है. फिलहाल EOU की जांच जारी है. बरामद संपत्ति और जमीन के दस्तावेजों की विस्तृत जानकारी सामने आने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई स्पष्ट हो सकेगी.
बिपुल राहुल