बिहार के जहानाबाद में उस वक्त हड़कंप मच गया, जब पुलिस की अलग-अलग टीमें शहर के छह रेस्ट हाउस में एक साथ पहुंच गईं. किसी को संभलने का मौका मिलता, उससे पहले ही पुलिस ने कमरों की जांच शुरू कर दी. रेस्ट हाउस में छापा पड़ा तो युवक-युवतियां आपत्तिजनक हालत में मिले. अब इन्हें पूछताछ के लिए लाया गया है. छापेमारी के दौरान पुलिस ने होटल के कमरों से दो दर्जन से अधिक युवक-युवतियों को हिरासत में लिया है.
पुलिस का कहना है कि शहर के कुछ होटलों और रेस्ट हाउस में कथित तौर पर गलत गतिविधियां चलने की शिकायत मिली थी. इसी सूचना के आधार पर जहानाबाद के एसपी कोटा किरण कुमार के निर्देश पर यह अभियान चलाया गया. पुलिस की टीमें शहर के अलग-अलग इलाकों में पहुंचीं. जिन जगहों पर छापेमारी की गई, उनमें स्टेशन रोड पर कार्रवाई चली. इसके अलावा फिदा हुसैन मोड़ के पास छापा मारा गया. वहीं अरवल मोड़ के पास रेस्ट हाउस में भी पुलिस पहुंची.
यह भी पढ़ें: कैश, मोबाइल और कंडोम के पैकेट... किराए के घर में पुलिस की रेड, सामने आई सेक्स रैकेट की कहानी
एक अन्य रेस्ट हाउस में भी छापेमारी की गई. एक साथ कई जगहों पर पुलिस की कार्रवाई से होटल संचालकों और आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई. पुलिस ने कमरों की जांच की और वहां मिले युवक-युवतियों को पूछताछ के लिए नगर थाने पहुंचाया. पुलिस को जानकारी मिली थी कि शहर के कुछ होटलों में कमरे बुक कर गलत गतिविधियां की जा रही हैं.
इसकी जांच के लिए अलग-अलग पुलिस टीमें बनाई गईं. इसके बाद छह रेस्ट हाउस में एक साथ छापेमारी की गई. पूरे अभियान का नेतृत्व जहानाबाद सदर SDPO अनिकेत कुमार द्विवेदी ने किया. उनके साथ नगर थानाध्यक्ष आलोक कुमार और सर्किल इंस्पेक्टर दिवाकर कुमार विश्वकर्मा भी मौजूद रहे.
जांच के बाद ही होगी आगे की कार्रवाई
जहानाबाद सदर SDPO अनिकेत कुमार द्विवेदी ने बताया कि पुलिस हिरासत में लिए गए युवक-युवतियों से पूछताछ कर रही है. उन्होंने कहा कि जांच में अगर किसी के खिलाफ संदिग्ध गतिविधि से जुड़े सबूत नहीं मिलते हैं, तो उनके परिजनों को बुलाकर पीआर बॉन्ड पर छोड़ा जा सकता है.
फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि जिन होटलों में छापेमारी हुई, वहां किसी तरह की गैरकानूनी गतिविधि चल रही थी या नहीं. जांच पूरी होने के बाद ही आगे की कार्रवाई होगी.
सैयद मुशर्रफ इमाम