PM मोदी के संबोधन के साथ दरभंगा में शुरू हुआ नशामुक्ति अभियान, युवाओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प

दरभंगा में रविवार को 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान-2026' का शुभारंभ हुआ. वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित किया. कार्यक्रम में युवाओं ने नशामुक्ति की शपथ ली. नुक्कड़ नाटक के जरिए नशे के दुष्परिणाम बताए गए. मंत्री मदन सहनी समेत जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों ने युवाओं से अभियान से जुड़ने की अपील की.

Advertisement
दरभंगा में 'नशामुक्त युवा' अभियान की शुरुआत.(Photo: DistrictAdministration.darbhanga) दरभंगा में 'नशामुक्त युवा' अभियान की शुरुआत.(Photo: DistrictAdministration.darbhanga)

चौधरी निशाकर

  • दरभंगा,
  • 02 अगस्त 2026,
  • अपडेटेड 11:51 PM IST

दरभंगा कलेक्टरेट स्थित बाबा साहेब डॉ. भीमराव अंबेडकर सभागार में रविवार को 'नशामुक्त युवा फॉर विकसित भारत संकल्प अभियान-2026' का शुभारंभ किया गया. कार्यक्रम का आयोजन भव्य माहौल में हुआ. इस दौरान वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का देशभर के युवाओं के लिए संबोधन किया.

प्रधानमंत्री ने देशभर के एक करोड़ से अधिक युवाओं को संबोधित करते हुए नशामुक्त भारत के निर्माण का आह्वान किया. उन्होंने कहा कि नशा सिर्फ किसी एक व्यक्ति को प्रभावित नहीं करता, बल्कि पूरे परिवार, समाज और राष्ट्र के विकास में बाधा बनता है. पीएम ने युवाओं से नशे से दूर रहने और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की अपील की.

Advertisement

यह भी पढ़ें: रील बनाने के लिए कमर से निकाली पिस्टल, वीडियो वायरल हुआ तो घर पहुंच गई पुलिस... दरभंगा की महिला गिरफ्तार

कार्यक्रम में माय भारत के स्वयंसेवक, राष्ट्रीय सेवा योजना यानी NSS के स्वयंसेवक एवं संस्थानों के प्रतिनिधि, युवा क्लब, गैर-सरकारी संगठनों यानी NGOs, उद्योग संघों के युवा विंग और अन्य सहयोगी संस्थाओं से जुड़े युवा बड़ी संख्या में शामिल हुए. डिजिटल और मैदानी गतिविधियों के जरिए देशभर में युवाओं को अभियान से जोड़ने की पहल की गई.

युवाओं ने ली नशामुक्ति की शपथ

अभियान के तहत देशभर में एक करोड़ से अधिक युवाओं ने 'नशा मुक्ति संकल्प' लिया. युवाओं ने खुद को 'नशा मुक्ति युवा स्वयंसेवक' के तौर पर समाज में जागरूकता फैलाने के लिए समर्पित करने का संकल्प लिया. दरभंगा में भी प्रतिभागियों ने सामूहिक रूप से नशे से दूर रहने और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करने की शपथ ली.

Advertisement

कार्यक्रम में नशामुक्ति को लेकर नुक्कड़ नाटक का मंचन भी किया गया. प्रस्तुति के जरिए नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक और व्यक्तिगत नुकसान को प्रभावी तरीके से दिखाया गया. कार्यक्रम में मौजूद युवाओं ने नाटक के माध्यम से नशे के दुष्परिणामों को समझा और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश लिया.

बिहार सरकार के मद्यनिषेध, उत्पाद एवं निबंधन विभाग के मंत्री मदन सहनी ने युवाओं को संबोधित किया. उन्होंने नशीले पदार्थों के सेवन से होने वाले सामाजिक, आर्थिक और शारीरिक दुष्प्रभावों पर विस्तार से प्रकाश डाला. उन्होंने कहा कि राज्य सरकार नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए व्यापक जनजागरूकता अभियान चला रही है और इस मुहिम की सबसे बड़ी ताकत युवाओं की भागीदारी है.

मंत्री ने दिलाई नशामुक्ति की शपथ

बिहार सरकार के मंत्री मदन सहनी ने अपने संबोधन के बाद सभागार में मौजूद युवाओं और अन्य प्रतिभागियों को नशामुक्ति की शपथ दिलाई. उन्होंने युवाओं से अभियान को जनआंदोलन का रूप देने की अपील की. कार्यक्रम में मौजूद प्रतिभागियों ने नशे से दूर रहने और समाज में इसके खिलाफ जागरूकता फैलाने का संकल्प लिया.

केवटी विधायक मुरारी मोहन झा और दरभंगा ग्रामीण विधायक राजेश कुमार मंडल ने भी युवाओं को संबोधित किया. दोनों जनप्रतिनिधियों ने युवाओं से नशीले पदार्थों से दूर रहने की अपील करते हुए कहा कि उन्हें अपनी ऊर्जा शिक्षा, खेल, कौशल विकास और राष्ट्र निर्माण में लगानी चाहिए.

Advertisement

दरभंगा के डीएम कौशल कुमार ने कहा कि नशे की लत व्यक्ति की बौद्धिक क्षमता, निर्णय लेने की शक्ति और कार्यकुशलता को प्रभावित करती है. उन्होंने युवाओं से सकारात्मक सोच, अनुशासन और सामाजिक जिम्मेदारी के साथ जीवन जीने का आग्रह किया. डीएम ने कहा कि नशामुक्त युवा ही विकसित समाज और विकसित भारत की मजबूत आधारशिला बन सकते हैं.

अधिकारियों और युवाओं ने लिया विकसित भारत का संकल्प

कार्यक्रम में मंत्री मदन सहनी, विधायक केवटी मुरारी मोहन झा, विधायक दरभंगा ग्रामीण राजेश कुमार मंडल, डीएम कौशल कुमार, वरीय पुलिस अधीक्षक जगुनाथ रड्डी जला रड्डी, सहायक समाहर्ता कल्पना रावत, सहायक आयुक्त मद्यनिषेध प्रदीप कुमार और जिला जनसंपर्क पदाधिकारी आशिष अमन समेत विभिन्न विभागों के अधिकारी मौजूद रहे.

इसके अलावा स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधि, युवा संगठनों से जुड़े सदस्य और बड़ी संख्या में स्थानीय युवाओं ने कार्यक्रम में भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए युवाओं की भूमिका पर जोर दिया गया. प्रतिभागियों ने स्वस्थ, सुरक्षित और समृद्ध भारत के निर्माण में सक्रिय योगदान देने की प्रतिबद्धता जताई.

कार्यक्रम का समापन सामूहिक नशामुक्ति शपथ और विकसित भारत के निर्माण में सक्रिय सहभागिता के संकल्प के साथ हुआ. इस मौके पर विभागीय मंत्री और अन्य अतिथियों ने गुब्बारे उड़ाए. इसके बाद प्रचार रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया. अभियान के जरिए आने वाले दिनों में युवाओं और आम लोगों के बीच नशे के खिलाफ जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया जाएगा.

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »