बिहार के बक्सर जिले के डुमरांव अनुमंडल अंतर्गत बगेन गोला थाने में पदस्थापित सहायक दारोगा का एक आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े हो गए हैं. वायरल वीडियो में सहायक दरोगा महिला डांसर के साथ डांस करते और आपत्तिजनक हरकत करते हुए दिखाई दे रहे हैं. इस घटना के सामने आने के बाद पुलिस की छवि पर भी गंभीर सवाल उठने लगे हैं.
वीडियो वायरल होने के बाद बक्सर एसपी ने मामले का संज्ञान लिया और तत्काल कार्रवाई करते हुए सहायक दारोगा को निलंबित कर दिया. इस घटना ने पुलिस विभाग की कार्यशैली और अनुशासन को लेकर नई बहस छेड़ दी है. वायरल वीडियो में दिखाई दे रही हरकतों को लेकर पुलिस की भूमिका पर सवाल उठ रहे हैं.
यह भी पढ़ें: 'गाली दी, गाड़ियों पर डंडे बरसाए', बक्सर में मनोज तिवारी के रोड शो में भारी बवाल, RJD समर्थकों पर आरोप
शादी समारोह में नर्तकी के साथ डांस और पैसे उड़ाने का आरोप
बताया जा रहा है कि वायरल वीडियो बगेन गोला थाना में पदस्थापित एएसआई मनीष कुमार का है. वीडियो में वह एक शादी समारोह के दौरान नर्तकी के साथ ठुमके लगाते और उस पर पैसे उड़ाते हुए दिखाई दे रहे हैं. यह वीडियो वहां मौजूद लोगों द्वारा बनाया गया और बाद में सोशल मीडिया पर वायरल हो गया.
देखें वीडियो...
जानकारी के अनुसार, यह घटना दो दिन पूर्व की बताई जा रही है, जब सहायक दारोगा एक शादी समारोह में पहुंचे थे. इसी दौरान उन्होंने नर्तकी के साथ डांस किया और आपत्तिजनक हरकतें कीं. वीडियो सामने आने के बाद पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली और आचरण पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.
एसपी ने की कार्रवाई, जांच में पुष्टि के बाद सस्पेंड
इस मामले को लेकर बक्सर एसपी ने बताया कि डुमरांव डीएसपी द्वारा जांच की गई, जिसमें सहायक दरोगा द्वारा अनुचित आचरण करने की पुष्टि हुई. इसके बाद तत्काल प्रभाव से उन्हें सस्पेंड कर दिया गया. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि इस तरह के कृत्य को किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.
इस घटना के बाद बक्सर पुलिस की छवि पर असर पड़ा है और आम जनता के बीच पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर सवाल उठने लगे हैं. लोगों का कहना है कि यदि कानून की रक्षा करने वाले ही इस तरह की हरकत करेंगे, तो आम जनता का विश्वास प्रभावित होगा.
पुष्पेन्द्र कुमार पाण्डेय