जेल से छूटे पति के आगे खुला पत्नी का अफेयर, मिलकर दोनों ने कर दिया प्रेमी का मर्डर

बिहार के नवगछिया में ट्रक ड्राइवर की हत्या का मामला महज 48 घंटे में सुलझाकर पुलिस ने चौंकाने वाला खुलासा किया है. सड़क किनारे मिले शव की जांच प्रेम संबंध, पैसों के लेनदेन और पारिवारिक प्रतिशोध तक पहुंच गई. पुलिस ने महिला आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मामले के अन्य आरोपियों की तलाश में लगातार छापेमारी जारी है.

Advertisement
पति पत्नी ने कर दिया ट्रक ड्राइवर का मर्डर (Photo: itg) पति पत्नी ने कर दिया ट्रक ड्राइवर का मर्डर (Photo: itg)

सुजीत कुमार

  • नवगछिया,
  • 18 मई 2026,
  • अपडेटेड 11:09 AM IST

बिहार में नवगछिया पुलिस जिला के आदर्श थाना क्षेत्र स्टेशन रोड नया टोला के पास मिले ट्रक ड्राइवर के लहूलुहान शव मामले में नवगछिया पुलिस ने महज 48 घंटे के भीतर सनसनीखेज खुलासा करते हुए मृतक की प्रेमिका काजल कुमारी को गिरफ्तार कर लिया है. पुलिस जांच में सामने आया कि अवैध संबंध, पैसों की उगाही और पति के प्रतिशोध ने मिलकर इस हत्याकांड को जन्म दिया. मामले में काजल का पति ब्रजेश कुमार, देवर नीतीश कुमार और एक अन्य आरोपी अभी फरार हैं.

Advertisement

सड़क किनारे मिला था खून से लथपथ शव

15 मई की सुबह नवगछिया थाना पुलिस को सूचना मिली कि स्टेशन रोड नया टोला में सड़क किनारे एक युवक का शव पड़ा है. मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि युवक के सिर पर गहरे जख्म थे और अत्यधिक खून बहने से उसकी मौत हो चुकी थी. पुलिस ने FSL टीम को बुलाकर साक्ष्य जुटाए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

जेब से मिले आईकार्ड से खुली पहचान

जांच के दौरान मृतक की जेब से मिले पहचान पत्र के आधार पर उसकी पहचान झंडापुर थाना क्षेत्र के सहोड़ी निवासी नवीन कुमार सिंह के रूप में हुई. नवीन पेशे से ट्रक ड्राइवर था. सूचना पर पहुंचे परिजनों ने शव की पहचान की.

पत्नी ने खोला अवैध संबंधों का राज

मृतक की पत्नी सविता देवी ने पुलिस को दिए बयान में बड़ा खुलासा करते हुए बताया कि नवीन का नया टोला में किराए पर रहने वाली काजल कुमारी से अवैध संबंध था. आरोप है कि काजल ने प्रेमजाल में फंसाकर नवीन से लाखों रुपये ऐंठ लिए थे. पत्नी के अनुसार, नवीन घर के गहने बेचकर और कर्ज लेकर करीब 3 से 4 लाख रुपये काजल को दे चुका था.

Advertisement

कॉल डिटेल्स और CCTV ने खोला राज

एसपी राजेश कुमार के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने जब तकनीकी जांच शुरू की तो हत्या की पूरी साजिश सामने आने लगी. पुलिस को पता चला कि हत्या वाली रात करीब 1 से 1:30 बजे तक काजल लगातार नवीन से फोन पर संपर्क में थी. इसी दौरान वह दूसरे नंबर पर भी लगातार बात कर रही थी. सीसीटीवी फुटेज में उसी समय एक बाइक पर दो संदिग्ध घूमते दिखे, जिनकी पहचान काजल के पति ब्रजेश कुमार और देवर नीतीश कुमार के रूप में हुई. इलाके में एक संदिग्ध स्कॉर्पियो भी देखी गई.

जेल से लौटे पति ने रची हत्या की साजिश

पुलिस पूछताछ में गिरफ्तार काजल ने स्वीकार किया कि वह नवीन से पैसे ऐंठने के उद्देश्य से संबंध बनाए हुए थी. काजल का पति ब्रजेश कुमार हाल ही में जेल से छूटकर घर लौटा था. पत्नी के अवैध संबंधों की जानकारी मिलते ही वह भड़क उठा. पहले उसने काजल के साथ मारपीट की, फिर अपने भाई और एक अन्य सहयोगी के साथ मिलकर नवीन की हत्या की साजिश रची. योजना के तहत नवीन को फोन कर बुलाया गया और सिर पर हमला कर बेरहमी से उसकी हत्या कर दी गई.

हत्या में इस्तेमाल वाहन जब्त

Advertisement

पुलिस ने घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो और मोटरसाइकिल जब्त कर ली है. हालांकि हत्या किस हथियार से की गई, इसका खुलासा पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फरार आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद होगा. नवगछिया एसपी राजेश कुमार ने बताया कि फॉरेंसिक और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर महिला आरोपी को खगड़िया से गिरफ्तार किया गया है. अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. 
 

---- समाप्त ----

Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement