बिहार में शराबबंदी के बीच बेगूसराय में चौथी कक्षा का एक छात्र स्कूल से शराब पीकर नशे में टुन्न होकर घर पहुंचा तो हंगामा खड़ा हो गया. बच्चे के गंभीर हालत को देखते हुए उसका तत्काल इलाज कराया गया तब जाकर उसकी हालत में सुधार हुआ.
स्कूल से नशे में लौटा चौथी का छात्र
दरअसल, बिहार में शराबबंदी है, ऐसे में शराब तस्कर शराब तस्करी के लिए अलग-अलग हथकंडे अपनाते हैं. अब एक प्राथमिक विद्यालय के जर्जर बाथरूम में शराब की कार्टन छुपा कर रखी थी जिसके चलते इतना सब हो गया. पूरा मामला बछवारा थाना क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय सिसवा का है. बताया जाता है कि सिसवा गांव निवासी मोहम्मद परवेज आलम के लगभग 11 साल का बेटा कक्षा 4 का छात्र मोहम्मद शोएब सोमवार को स्कूल गया था. इसी दौरान वह जर्जर बाथरूम की तरफ गया. यहां शराब की बोतल दिखी तो उसने पी लिया. शराब पीने के बाद छात्र नशे में झूमने लगा और फिर घर पहुंचा तो उसकी मां उसकी हालत को देखकर घबरा गई.
बाथरूम में रखी थी शराब की पेटियां
मां ने घर के लोगों को इसकी जानकारी दी. छात्र से पूछताछ के बाद पता चला कि स्कूल के बाथरूम में शराब रखी थी जिसे छात्र ने पी लिया था. इसके बाद परिजन स्कूल पहुंचे और प्रधानाध्यापक को इसकी सूचना दी. सभी बाथरूम में पहुंचे तो देखा कि वहां कार्टन में लगभग 200 बोतल शराब छुपाकर रखी हुई थी. इसके बाद इसकी सूचना बछवाड़ा थाना पुलिस को दी गई.
पुलिस ने जब्त की 23 कार्टन विदेशी शराब
स्कूल में शराब होने की सूचना मिलते ही बछवाड़ा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच पड़ताल की. पुलिस ने छुपा कर रखी गई करीब 23 कार्टन विदेशी शराब को जप्त किया. छात्र की मां रिजवाना खातून और चाचा मोहम्मद खुर्शीद ने बताया कि शोएब लड़खराते हुए घर पहुंचा, जिसे देखकर मैं चौंक गई और उसका मुंह शराब जैसा महक रहा था. इसके बाद उसके दोस्तों से पूछा तो उन्होंने बताया कि शोएब ने विद्यालय के पीछे बंद पड़े शौचालय के पास रखी शराब को उठाकर पी लिया है. इसके बाद सभी ने विद्यालय पहुंच कर प्रधानाध्यापक को जानकारी दी और बंद पड़े शौचालय के पास गए तो देखा कि भारी मात्रा में शराब है.
कुल 204 लीटर विदेशी शराब
प्रधानाध्यापक मोहम्मद मुर्शाली ने बताया कि छात्र शोएब के परिजनों द्वारा जानकारी दी गई कि उक्त छात्र शराब के नशे में घर पहुंचा है. इसके बाद विद्यालय के पूर्वी भाग स्थित जर्जर शौचालय में देखा तो कई शराब की पेटियां रखी हुई थी. इसके बाद बछवारा थाना पुलिस को सूचना दी गई और पुलिस आकर शराब को जप्त कर जांच कर रही है . इस संबंध में बछवाड़ा थाना अध्यक्ष ने बताया कि 204 लीटर विदेशी शराब बरामद किया गया है .नामजद प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है.
सौरभ कुमार