पत्नी की आवाज में फोन कर बुलाया और कर दी युवक की हत्या, फिर पेड़ से लटका दिया शव

बिहार के बगहा में पेड़ से लटका मिला रंगीला यादव का शव हत्या का मामला निकला. पुलिस जांच में खुलासा हुआ कि पत्नी से बातचीत को लेकर नाराज राजन यादव ने साथी के साथ मिलकर साजिश रची. युवक को मेला घूमने के बहाने बुलाया गया और गला दबाकर हत्या कर दी गई. बाद में शव को पेड़ से लटकाकर आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई.

Advertisement
48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा.(Photo: Abhishek Pandey/ITG) 48 घंटे में पुलिस ने किया खुलासा.(Photo: Abhishek Pandey/ITG)

अभिषेक पाण्डेय

  • बगहा,
  • 30 मई 2026,
  • अपडेटेड 8:47 PM IST

बिहार के बगहा के बथवरिया थाना क्षेत्र में पेड़ से लटका मिला रंगीला यादव का शव आत्महत्या नहीं, बल्कि एक सुनियोजित हत्या का मामला निकला. पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि प्रेम प्रसंग और पुराने विवाद के चलते युवक की हत्या की गई थी. रामनगर एसडीपीओ रागिनी कुमारी के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने महज 48 घंटे के भीतर मामले का खुलासा कर दिया.

Advertisement

पुलिस ने इस मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. मामले का खुलासा शनिवार को पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने किया.

यह भी पढ़ें: पुआल के ढेर में छिपी थी नशे की खेप, बगहा में 203 किलो गांजा बरामद

उन्होंने बताया कि 27 मई को बथवरिया थाना क्षेत्र में एक युवक का शव बरामद हुआ था. मृतक की पहचान नवलपुर थाना क्षेत्र के चन्द्रौल निवासी रंगीला यादव के रूप में हुई थी. मृतक के पिता के आवेदन पर बथवरिया थाना में हत्या की प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू की गई.

तकनीकी जांच से आरोपी तक पहुंची पुलिस

जांच के दौरान पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और सूचना संकलन के आधार पर राजन यादव को गिरफ्तार किया. पूछताछ में आरोपी ने कई महत्वपूर्ण खुलासे किए. उसने बताया कि मृतक शादी से पहले से उसकी पत्नी से फोन पर बातचीत करता था.

Advertisement

इस बात को लेकर दोनों के बीच कई बार विवाद और मारपीट भी हो चुकी थी. वहीं, सह-आरोपी सुधीर उर्फ कच्छेदा का भी मृतक के साथ पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद चल रहा था. पुलिस के अनुसार, इन्हीं कारणों से आरोपियों ने रंगीला यादव की हत्या की योजना बनाई.

पूछताछ में सामने आया कि दोनों आरोपियों ने मिलकर युवक को रास्ते से हटाने की साजिश रची. इसके लिए उन्होंने पहले मृतक का भरोसा जीता और फिर उसे अपने जाल में फंसाया.

मेला दिखाने के बहाने बुलाकर की हत्या

पुलिस के अनुसार योजना के तहत रंगीला यादव को गोरखपुर मेला घूमने के बहाने बुलाया गया. इसके बाद राजन यादव ने अपनी पत्नी की आवाज में मृतक को रात के समय एक बगीचे में बुलाया.

बगीचे में पहले से मौजूद आरोपियों ने रंगीला यादव का गला दबाकर हत्या कर दी. हत्या के बाद मामले को आत्महत्या का रूप देने की कोशिश की गई. आरोपियों ने शव को आम के पेड़ से लटका दिया ताकि किसी को हत्या का संदेह न हो.

हालांकि, पुलिस की जांच में पूरा मामला उजागर हो गया. पुलिस अधीक्षक रामानंद कौशल ने बताया कि गिरफ्तार आरोपी ने पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है. वहीं, फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है. पुलिस का कहना है कि उन्हें भी जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा.

---- समाप्त ----

TOPICS:
Read more!
Advertisement

RECOMMENDED

Advertisement
Latest News in Hindi »