साधारण स्कूटर से लेकर जोरदार परफॉर्मेंस वाली मोटरसाइकिलों (पल्सर जैसे चर्चित नाम) तक के बदलाव का प्रतीक रहे बजाज ऑटो के मैनेजिंग डायरेक्टर राजीव बजाज ने 26 अगस्त को इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलिंग सेगमेंट पर कमेंट करते हुए कहा था, "EV फॉर्मेट में मोटरसाइकिलों की तुलना में स्कूटर्स कहीं अधिक मजबूत स्थिति में हैं."
साथ ही उन्होंने इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिलों में इनोवेशन को बढ़ावा देने वाले घरेलू ब्रांड्स को खारिज किया और इलेक्ट्रिक मोटरसाइकिल निर्माता कंपनी Ultraviolette की बिक्री के आंकड़ों पर टिप्पणी करते हुए कहा, ''अल्ट्रावॉयलेट की बिक्री के बारे में कुछ भी अल्ट्रा नहीं है.''
राजीव बजाज की इस टिप्पणी पर बेंगलुरु स्थित स्टार्टअप Ultraviolette ने अब न केवल जवाब दिया है बल्कि इसे लेकर बजाज ऑटो को एक खास तरह की चुनौती भी दी है.
अल्ट्रावॉयलेट Ultraviolette के को-फाउंडर नारायण सुब्रमण्यम ने एक प्रमुख चैनल के साथ बातचीत में राजीव की टिप्पणी पर पलटवार किया और बजाज ऑटो के नाम एक स्पष्ट चुनौती जारी करते हुए कहा, ''हम केवल वैल्यू इंजीनियरिंग के लिए नहीं जाने जाएंगे.''
सुब्रमण्यम ने राजीव बजाज के बयान का जवाब देते हुए पुणे स्थित उनकी कंपनी बजाज ऑटो की मोटरसाइकिलों को Ultraviolette की मोटरसाइकिलों के साथ एंबी वैली में होने वाले एक रेस इवेंट में मुकाबला करने की चुनौती दी है.
सुब्रमण्यम ने कहा, ''हम 90 दिनों में एंबी वैली में एक रेस फॉर्मेट इवेंट के लिए बजाज ऑटो के आंगन में होंगे.''
उन्होंने कहा, ''हम बजाज ऑटो को दशकों की आरएंडडी और बैंक में अरबों डॉलर के साथ उनके पास जो भी सर्वश्रेष्ठ मौजूद है उसे सामने लाने के लिए आमंत्रित करते हैं.''
aajtak.in