निसान (Nissan) भारतीय बाजार में एक नई कार लेकर आ रहा है. इस कार के जरिए कंपनी मिड-साइज एसयूवी सेगमेंट में दोबारा एंट्री करेगी. हम बात कर रहे हैं टेक्टन (Nissan Tekton) की, जिसकी लॉन्चिंग कंपनी इस साल कई बार टाल चुकी है. अब इस कार की नई लॉन्च डेट आई है. भारत में ये कार 9 जुलाई 2026 को लॉन्च होगी.
कंपनी सिर्फ टेक्टन तक सीमित नहीं रहने वाली है. ब्रांड इसका एक 7 सीटर वर्जन भी लॉन्च करेगा. हालांकि, 7-सीटर वर्जन को अभी नहीं लॉन्च किया जाएगा बल्कि ये कार 2027 की शुरुआत में लॉन्च होगी. अपकमिंग टेक्टन का सीधा मुकाबला टाटा सिएरा, हुंडई क्रेटा, मारुति सुजुकी ग्रैंड विटारा और रेनो डस्टर से होगा.
वैसे टेक्टन निसान की डस्टर है. यानी ये गाड़ी डस्टर का रिबैज्ड वर्जन होगी, जिसे निसान अपने हिसाब से बदलाव करके लॉन्च करेगा. पहले इस कार को इस साल की शुरुआत में लॉन्च होना था. बाद में इसके लॉन्च को अप्रैल में टाल दिया गया था और अब इसे जुलाई में लॉन्च करने की तैयारी चल रही है.
यह भी पढ़ें: Defender जैसा भौकाल, मारुति जैसा माइलेज, भारत आ सकती है Nissan की ये कार
निसान इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर सौरभ वत्स ने कन्फर्म किया है कि ये कार जुलाई में लॉन्च होगी. ये कार प्रोडक्शन रेडी अवतार में है. कंपनी ने इस कार से जुड़े कुछ टीजर जारी किए हैं, जिससे इसके डिजाइन का अंदाजा लगाया जा सकता है. कार का डिजाइन ही सबसे बड़ा फैक्टर होगा, जो इसे डस्टर से अलग बनाएगा.
कार में आपको निसान का सिग्नेचर डिजाइन पैटर्न दिखेगा. इसका लुक ग्लोबल मार्केट में आने वाली पैट्रोल (Patrol) से प्रेरित हो सकता है. रिपोर्ट्स की मानें, तो निसान इंटरनली इस कार को बेबी पैट्रोल के नाम से बुलाता है. इसमें बोल्ड और मस्कुलर स्टांस मिलेगा. फ्रंट में एलईडी डीआरएल्स मिलेंगे.
यह भी पढ़ें: Duster का खौफ... या कुछ और! टल गया Nissan Tekton का लॉन्च, जानें क्या है टाइटन्स के टक्कर की वजह
वैसे कंपनी ने निसान टेक्टन के एक्सटीरियर को रिवील नहीं किया है. मगर जो टीजर आए हैं, उनमें इसके डस्टर सिबलिंग होने की झलक साफ दिख रही है. एक्सटीरियर के साथ ही कंपनी इंटीरियर में भी कुछ बदलाव करेगी, जिससे ये कार डस्टर से अलग दिख सके.
इसमें 10.1 इंच का टचस्क्रीन इंफोटेनमेंट सिस्टम, 6 स्पीड सेटअप, वायरलेस ऐपल कारप्ले और एंड्रॉयड ऑटो समेत कई फीचर्स मिलेंगे. इसमें 10.25 इंच का डिजिटल ड्राइवर डिस्प्ले, डुअल जोन क्लाइमेट कंट्रोल, रियर एसी वेंट, पैनारोमिक सनरूफ और लेवल 2 ADAS मिलेगा.
ये कार दो इंजन ऑप्शन में आ सकती है. इसमें 1.0 लीटर का टर्बो पेट्रोल और 1.3 लीटर का फोर सिलेंडर टर्बो पेट्रोल इंजन मिलेगा. इस कार की कीमत डस्टर के आसपास ही होगी. भारत में फिलहाल डस्टर की कीमत 10.49 लाख रुपये से शुरू होकर 18.49 लाख रुपये एक्स शोरूम तक जाती है.
आजतक ऑटोमोबाइल डेस्क