अमेरिका ने एक बार फिर हिंद महासागर में वेनेजुएला से जुड़े एक जहाज को अपने कब्जे में ले लिया है. पेंटागन ने रविवार को यह जानकारी दी कि अमेरिकी सेना कैरेबियन सागर से ही जहाज का पीछा कर रही थी और मौका पाकर हिंद महासागर में जहाज पर कब्जा कर लिया गया. तेल से भरा यह जहाज वेरोनिका III, उन जहाजों में से एक है जो अमेरिकी रेड के दौरान वेनेजुएला से भाग गए थे.
अमेरिका ने कहा है कि जहाज को वेनेजुएला से जुड़े कथित अवैध तेल को निशाना बनाने की कोशिश में पकड़ा गया है.
वेनेजुएला कई सालों से अपने तेल पर अमेरिकी प्रतिबंधों का सामना कर रहा था और कच्चे तेल को ग्लोबल सप्लाई चेन तक पहुंचाने के लिए गलत झंडे वाले टैंकरों के एक 'शैडो फ्लीट' पर निर्भर था.
मादुरो के खिलाफ ऑपरेशन के दौरान वेनेजुएला से भागा था जहाज
डोनाल्ड ट्रंप ने दिसंबर में प्रतिबंधित टैंकरों को रोकने के लिए उन्हें रोककर रखने का आदेश दिया था ताकि वेनेजुएला के राष्ट्रपति निकोलस मादुरो पर दबाव बनाया जा सके. मादुरो को जनवरी में एक अमेरिकी सैन्य ऑपरेशन के दौरान पकड़ लिया गया था. इसके बाद से वो अमेरिका के न्यूयॉर्क में हैं और उन पर ड्रग्स और भ्रष्टाचार संबंधी मामले चल रहे हैं.
वेनेजुएला पर अमेरिका के इस ऑपरेशन के दौरान कई टैंकर वेनेजुएला के तट से भाग गए. ट्रंप प्रशासन को चकमा देकर भागने वाले तेल टैंकरों में वेरोनिका III भी शामिल था.
अमेरिकी रक्षा विभाग पेंटागन ने X पर बताया कि अमेरिकी बलों ने वेरोनिका III पर 'राइट-ऑफ-विजिट, मैरीटाइम इंटरडिक्शन और बोर्डिंग' के तहत कार्रवाई की.
पेंटागन ने कहा, 'यह जहाज राष्ट्रपति ट्रंप के क्वारंटीन को चुनौती देने की कोशिश कर रहा था और बच निकलने की उम्मीद कर रहा था. हमने कैरेबियन से हिंद महासागर तक इसका पीछा किया, जैसे ही हम उसके पास पहुंचे, हमने इसे रोक दिया.'
20 लाख बैरल कच्चा तेल लेकर वेनेजुएला से भागा था जहाज
वेरोनिका III पनामा के झंडे वाला जहाज है. जहाज ईरान का तेल भी ढोता है जिस कारण इस पर अमेरिकी प्रतिबंध लागू हैं. यह 3 जनवरी को लगभग 20 लाख बैरल कच्चा तेल और फ्यूल ऑयल लेकर वेनेजुएला से निकला था.
टैंकरट्रैकर्स डॉट कॉम के अनुसार, 2023 से यह जहाज रूसी, ईरानी और वेनेजुएला के कच्चे तेल की ढुलाई कर रहा है. संगठन के सह-संस्थापक समीर मदनी ने बताया कि सैटेलाइट पिक्चर्स के आधार पर कम से कम 16 टैंकरों के क्वारंटीन होने की खबर है. यानी ट्रंप ने वेनेजुएला के 16 टैंकर रोक रखे हैं.
ट्रंप प्रशासन वेनेजुएला के तेल पर कंट्रोल की कोशिशों के तहत ऐसे टैंकरों को जब्त कर रहा है. पेंटागन ने यह नहीं बताया कि वेरोनिका III को औपचारिक रूप से जब्त कर अमेरिकी नियंत्रण में लिया गया है या नहीं.
पिछले सप्ताह अमेरिकी सेना ने हिंद महासागर में ही एक अन्य टैंकर अक्विला II को भी जब्त कर लिया था जिसे फिलहाल रोककर रखा गया है.