ईरान पर अमेरिका और इजरायल ने संयुक्त तौर पर हमला कर दिया है. शनिवार को किए गए इस हमले से मिडिल ईस्ट में तनाव चरम पर पहुंच गया है. ईरान ने भी पलटवार करते हुए अमेरिका के सैन्य अड्डों को निशाना बनाया है. मौजूदा स्थिति को देखते हुए UAE, सऊदी अरब, जॉर्डन, बहरीन और फिलिस्तीन समेत कई देशों में भारतीय एंबेसी ने अपने नागरिकों के लिए एडवाइजरी जारी की है.
भारतीय विमानन कंपनी एअर इंडिया ने मिडिल-ईस्ट की सभी फ्लाइट्स रद्द करने का फैसला किया है. दिल्ली-तेल अवीव (AI139) बीच रास्ते वापस बुलाई गई. इंडिगो ने भी सुरक्षा चिंताओं का हवाला देते हुए ईरानी एयरस्पेस से इंटरनेशनल फ्लाइट्स सस्पेंड कीं. एअर इंडिया एक्सप्रेस ने सभी वेस्टबाउंड इंटरनेशनल फ्लाइट्स सस्पेंड कर दिया है.
तेल अवीव में भारतीय दूतावास का अलर्ट
इजरायल के तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास ने ईरान पर हुए हमले के बाद भारतीय नागरिकों को "उच्चतम सतर्कता" बरतने की चेतावनी दी है. दूतावास ने सभी भारतीय नागरिकों से आग्रह किया है कि वे किसी भी आपात स्थिति से बचने के लिए सतर्क रहें और इजरायली अधिकारियों के निर्देशों, खासतौर से होम फ्रंट कमांड के निर्देशों का कड़ाई से पालन करें. अनावश्यक यात्रा करने से बचने की सलाह भी दी गई है ताकि खतरे की स्थिति में जोखिम कम किया जा सके.
UAE स्थित भारतीय दूतावास ने कहा - भारतीय नागरिकों से सावधानी बरतने की अपील
मिडिल ईस्ट में क्षेत्रीय तनाव को ध्यान में रखते हुए अबू धाबी स्थित भारतीय दूतावास ने संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में रहने वाले या यात्रा कर रहे भारतीय नागरिकों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है. दूतावास ने सभी भारतीयों से अनावश्यक यात्रा करने और सतर्क रहने का आग्रह किया है ताकि किसी अप्रत्याशित स्थिति से बचा जा सके.
सऊदी अरब स्थित भारतीय दूतावास ने क्या कहा?
रियाद स्थित भारतीय दूतावास ने मिडिल ईस्ट क्षेत्र में जारी संघर्ष के मद्देनजर सऊदी अरब में रह रहे सभी भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने की चेतावनी जारी की है. दूतावास ने नागरिकों से अनावश्यक यात्रा से बचने और स्थानीय सुरक्षा निर्देशों का कड़ाई से पालन करने का अनुरोध किया है ताकि वे सुरक्षित रह सकें. दूतावास के बयान में कहा गया है कि वर्तमान स्थिति में तनाव बढ़ सकता है, इसलिए भारतीय नागरिकों को हमेशा अपनी सुरक्षा को प्राथमिकता देनी चाहिए.
यह भी पढ़ें: इजरायल ने कहा- खामेनेई को बनाया निशाना... अभी कहां हैं ईरान के सुप्रीम लीडर?
बहरीन और रामल्लावेस्ट बैंक में भारतीय दूतावास की चेतावनी
बहरीन के भारतीय दूतावास ने क्षेत्र में बढ़ते सुरक्षा खतरे को ध्यान में रखते हुए भारत के नागरिकों को सतर्क रहने और गैर-जरूरी यात्रा से बचने की सलाह दी है. यह चेतावनी फिलिस्तीन के रामल्लावेस्ट बैंक स्थित भारतीय दूतावास द्वारा भी दी गई है, जहां स्थानीय परिस्थितियों को देखते हुए सुरक्षा प्रोटोकॉल के कड़ाई से पालन पर जोर दिया गया है.
दूतावासों ने हर प्रकार की सहायता के लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए हैं, ताकि आपातकालीन स्थिति में भारतीय नागरिक तुरंत संपर्क कर सकें और सहायता प्राप्त कर सकें.
तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने क्या सलाह दी?
ईरान में हुए हमलों के बाद तेहरान स्थित भारतीय दूतावास ने देश में मौजूद सभी भारतीय नागरिकों, जिनमें छात्र, पर्यटक और व्यापारी शामिल हैं, को तत्काल ईरान छोड़ने की सलाह दी है. दूतावास ने चेतावनी जारी करते हुए कहा है कि वर्तमान स्थिति गंभीर है और वहां सुरक्षा जोखिम बढ़ गया है, इसलिए उपलब्ध उड़ानों के माध्यम से तुरंत देश छोड़ना आवश्यक है.
दोहा में भारतीय दूतावास का अलर्ट
मिडिल ईस्ट में तनाव के बीच कतर की राजधानी दोहा में भारतीय दूतावास ने अपने नागरिकों के लिए सतर्कता और सावधानी बरतने की सलाह जारी की है. दूतावास की इस एडवाइजरी का उद्देश्य वहां रहने वाले या आने वाले भारतीय नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करना और उन्हें उचित सहायता प्रदान करना है.
दूतावास ने भारतीयों से आग्रह किया है कि वे अपनी यात्रा सीमित रखें और अनावश्यक रूप से बाहर घूमने या बड़ी भीड़ वाले इलाकों में जाने से बचें. स्थानीय प्रशासन और अधिकारियों द्वारा दी जा रही सुरक्षा संबंधी सलाहों का कड़ाई से पालन करना अत्यंत आवश्यक है.
मिडिल ईस्ट तनाव के बीच NORKA ने ईरान-इजरायल में केरलवासियों के लिए हेल्पडेस्क शुरू किए
मिडिल ईस्ट में बढ़ते तनाव को देखते हुए NORKA ने ईरान, इजरायल और अन्य पश्चिम एशियाई देशों में केरलवासियों के लिए हेल्पडेस्क स्थापित किए हैं. यह कदम मुख्यमंत्री पिनरायी विजयन के निर्देश पर उठाया गया है. जरूरतमंद प्रवासी केरलवासी NORKA के ग्लोबल कॉन्टैक्ट सेंटर नंबर पर संपर्क कर सकते हैं. इसके लिए +91-8802012345 (इंटरनेशनल मिस्ड कॉल) और 18004253939 (भारत से टोल-फ्री नंबर) जारी किए गए हैं.