दो पड़ोसी देश कनाडा और अमेरिका के बीच पिछले कुछ समय से खाई बढ़ती जा रही है. जिसकी वजह चाहे टैरिफ की मार हो या यूएस के राष्ट्रपति ट्रंप के अजीब-ओ-गरीब बयान हों. लेकिन आंकड़े लगातार ये कह रहे हैं कि दोस्ती में खटास फिलहल कम नहीं हो रही है. दोनों देशों के बीच होने वाली यात्रा के रुझानों में भी पिछले कुछ समय से एक साफ बदलाव देखने को मिल रहा है. ताज़ा सरकारी आंकड़े बता रहे हैं कि कनाडाई नागरिक अब पहले की तुलना में अमेरिका जाना ज्यादा पसंद नहीं कर रहा. यह गिरावट कोई एक-दो महीने की नहीं बल्कि लगातार 15 महीनों से जारी है.
आंकड़े क्या कहते हैं?
Statistics Canada यानी सरकारी आंकड़ों के मुताबिक मार्च में कनाडाई निवासियों ने अमेरिका के लिए कुल 2.6 मिलियन राउंड ट्रिप कीं. यह पिछले साल के मुकाबले 6.4 प्रतिशत की गिरावट है. दो बड़े हिस्से शामिल हैं...
इनमें से लगभग 63.7% यात्राएं एक ही दिन में आने-जाने वाली थीं, यानी छोटी ट्रिप्स में भी कमी दिख रही है.
अगर थोड़े लंबे वक्त पर नजर डालें, तो तस्वीर और गंभीर दिखती है. मार्च 2026 की तुलना मार्च 2024 से करने पर कनाडाई यात्राओं में लगभग 28 प्रतिशत की भारी गिरावट दर्ज की गई है. कार यात्राओं में तो यह गिरावट 33.7 प्रतिशत तक पहुंच गई है.
क्या है वजह?
इस गिरावट के पीछे कोई एक वजह नहीं है, बल्कि कई कारण मिलकर इस ट्रेंड को बना रहे हैं.
राजनीतिक तनाव और भावना
पिछले कुछ समय में अमेरिका की नीतियों और राजनीतिक बयानों को लेकर कनाडा में एक तरह की असहजता देखी गई है. खासकर टैरिफ और “51st state” जैसे बयानों ने कुछ लोगों के बीच नकारात्मक भावना पैदा की है. इसी के साथ “Buy Canadian” जैसे आंदोलन भी तेज हुए हैं, जिनमें लोगों से स्थानीय उत्पादों और सेवाओं को प्राथमिकता देने की अपील की जा रही है. इसका असर यात्रा और खर्च के फैसलों पर भी पड़ा है.
डॉलर का फर्क
कई ट्रैवल एक्सपर्ट्स का मानना है कि असली बड़ा कारण आर्थिक है. कनाडाई डॉलर (loonie) की तुलना में अमेरिकी डॉलर मजबूत है, जिससे अमेरिका में यात्रा, होटल, खाना और शॉपिंग सब महंगा हो गया है यानी वही ट्रिप जो पहले किफायती लगती थी, अब कई परिवारों के लिए बजट से बाहर होती जा रही है.
ट्रैवल पैटर्न में बदलाव
कुछ लोग अब लंबी और महंगी अमेरिका ट्रिप की जगह कनाडा के अंदर ही घूमने या कम खर्च वाले विकल्प चुन रहे हैं. खासकर छोटे वीकेंड ट्रिप्स में गिरावट दिख रही है.
“Snowbirds” अभी भी जा रहे हैं
हालांकि हर वर्ग में गिरावट नहीं है. जो लोग हर साल सर्दियों में फ्लोरिडा, एरिज़ोना जैसे गर्म राज्यों में जाते हैं (snowbirds), वे अभी भी काफी हद तक अपनी यात्राएं जारी रखे हुए हैं लेकिन नए या अनौपचारिक ट्रैवलर्स में ज्यादा गिरावट दिख रही है.
अमरीकियों के मामले में स्थिति उलट
दिलचस्प बात यह है कि तस्वीर एकतरफा नहीं है. अमेरिका से कनाडा आने वाले यात्रियों की संख्या बढ़ रही है. मार्च में 1.3 मिलियन अमेरिकी यात्राएं कनाडा में दर्ज हुईं. यह पिछले साल से 4.4% ज्यादा है. कार और हवाई दोनों यात्राओं में हल्की बढ़त देखी गई. यानी जहां कनाडाई अमेरिका कम जा रहे हैं, वहीं अमेरिकी कनाडा की ओर थोड़ा ज्यादा रुख कर रहे हैं.