scorecardresearch
 

'माफीनामा जारी करे ईरान', ड्रोन हमलों से अजरबैजान आगबबूला, कहा- दुश्मन हमारी पूरी ताकत महसूस करेगा

अजरबैजान ने एयरपोर्ट और स्कूल पर हुए ईरानी हमलों पर तीखी प्रतिक्रिया दी है. अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने इस हमले का आरोप ईरान पर लगाया है और इसे आतंकी कार्रवाई कहा है. उन्होंने कहा है कि अजरबैजानी सेना हर चुनौती का सामना करने के लिए तैयार है.

Advertisement
X
अजरबैजान ने ईरानी हमलों को आतंकी कार्रवाई कहा है. (Image: Social media)
अजरबैजान ने ईरानी हमलों को आतंकी कार्रवाई कहा है. (Image: Social media)

ईरान जंग के छठे दिन इस युद्ध में एक और किरदार की एंट्री हो गई है. 5 मार्च की दोपहर अजरबैजान के नखचिवन एयरपोर्ट और एक स्कूल पर ड्रोन्स से हमला हुआ है. ड्रोन हमले की वजह से एयरपोर्ट पर आग लग गई. नखचिवन ईरान की सीमा से लगा एक इलाका है जो आर्मेनिया से देश के बाकी हिस्सों से अलग है. एक दूसरा ड्रोन एक स्कूल के पास गिरा है इसमें दो लोग घायल हो गए. 

अजरबैजान के राष्ट्रपति इल्हाम अलीयेव ने इस हमले का आरोप ईरान पर लगाया है और इसे आतंकी कार्रवाई कहा है. अलीयेव ने तीखे शब्दों में कहा है कि इस हमले के जिम्मेदार लोगों पर बिना देरी की कार्रवाई होनी चाहिए. और ईरान की सरकार इसके लिए आधिकारिक रूप से सफाई दे और माफीनामा जारी करे. 

अजरबैजान और ईरान पड़ोसी देश हैं. दोनों देश जमीनी सरहद साझा करते हैं. ये सीमा लगभग 689 किलोमीटर लंबी है. अजरबैजान ईरान के उत्तर में स्थित है. ईरान के उत्तर-पश्चिमी हिस्से जिसे Iranian Azerbaijan कहते हैं, अजरबैजान से सटा हुआ है. अजरबैजान का नखचिवान स्वायत्त गणराज्य भी ईरान से सीमा साझा करता है. 

इस हमले के बाद अजरबैजान ने सुरक्षा संबंधी काउंसिल की बैठक बुलाई. इस दौरान अजरबैजानी राष्ट्रपति ने कहा कि आज ईरान ने अजरबैजान पर आतंकी हमला किया है. राष्ट्रपति ने कहा कि अजरबैजानी लोग आश्वस्त हो सकते हैं कि कोई भी दुश्मन हमारे "आयरन फिस्ट" की पूरी ताकत को महसूस करेगा. हमारी आर्म्ड फोर्सेज को जवाबी कार्रवाई के लिए सही तरीके तैयार करने और उन्हें लागू करने का निर्देश दिया गया है. 

Advertisement

अजरबैजान राष्ट्रपति ने कहा कि, "आज ईरान ने अजरबैजान के इलाके और अजरबैजान देश के खिलाफ एक आतंकवादी हमला किया. नखचिवन ऑटोनॉमस रिपब्लिक के इलाके पर ईरानी सरकार के लॉन्च किए गए बिना पायलट वाले हवाई वाहनों से हमला हुआ. हमले का निशाना आम नागरिक सुविधाएं थीं, जिनमें नखचिवन इंटरनेशनल एयरपोर्ट और उसकी टर्मिनल बिल्डिंग, एक स्कूल और दूसरी आम नागरिक जगहें शामिल थीं, जिन पर ईरान ने धोखे से हमला किया."

"अजरबैजान देश इस घिनौने आतंकवादी हमले की कड़ी निंदा करता है. इसके लिए जिम्मेदार लोगों को बिना देर किए सजा मिलनी चाहिए. ईरानी पक्ष को अज़रबैजान को ऑफिशियल जवाब देना चाहिए, माफ़ी मांगनी चाहिए और यह पक्का करना चाहिए कि दोषियों को क्रिमिनल तौर पर ज़िम्मेदार ठहराया जाए." 

इल्हाम अलीयेव ने कहा कि हम अजरबैजान के खिलाफ बिना उकसावे के आतंक और हमले की इस हरकत को बर्दाश्त नहीं करेंगे. हमारी आर्म्ड फोर्सेज़ को जवाबी कार्रवाई के लिए सही तरीके तैयार करने और उन्हें लागू करने के निर्देश दिए गए हैं. 
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement