अमेरिका के कैलिफोर्निया में भारी बारिश के बाद बाढ़ जैसे हालात बन गए हैं. चीन में आए भूकंप से अब तक मरने वालों की संख्या 148 पर पहुंच गई है. वहीं, भारत में रेसलर बजरंग पूनिया ने अपना पद्मश्री लौटा दिया है. 22 दिसंबर को अमेरिका, दुनिया और भारत में ये खबरें सुर्खियों में बनी रहीं. आइए डालते हैं एक नजर...
अमेरिका की 5 बड़ी खबरें...
1. बाइडेन का बड़ा फैसला, हजारों कैदियों की होगी सजा माफ
अमेरिका की राष्ट्रपति जो बाइडेन ने शुक्रवार को कहा कि वो अहिंसक नशीली दवाओं के आरोप में दशकों से सजा काट रहे 11 कैदियों की सजा को कम कर देंगे. इसके साथ ही बाइडेन ने मैरिजुआना रखने से जुड़े कई मामलों में सजा काट रहे हजारों कैदियों की सजा भी माफ कर दी है.
2. एक्टर विन डीजल पर लगा सेक्सुअल असॉल्ट का आरोप
हॉलीवुड एक्टर विन डीजल पर सेक्सुअल असॉल्ट का आरोप लगा है. पीड़िता एस्टा जोनासन उन्हीं के स्टाफ में थी. मामला 2010 का है. जोनासन ने आरोप लगाया है कि फास्ट फाइव की शूटिंग के दौरान विन ने उनके साथ सेक्सुअल असॉल्ट किया था. दावा है कि सेक्सुअल असॉल्ट के कुछ घंटों बाद ही उन्हें नौकरी से निकाल दिया गया था.
3. कैलिफोर्निया में भारी बारिश, कई काउंटी में बाढ़ जैसे हालात
पिछले हफ्ते आए तूफान की वजह से कैलिफोर्निया में भारी बारिश हो रही है. कई काउंटी में बाढ़ जैसे हालात हो गए हैं. अधिकारियों के मुताबिक, हफ्तेभर में सैन लुईस ओबिस्पो काउंटी में 16 इंच और वेंचुरा काउंटी में 13 इंच से ज्यादा बारिश हुई है.
4. कोरोना के मामले बढ़े, JN.1 के 44 फीसदी से ज्यादा मामले
अमेरिका में कोरोना के मामले तेजी से बढ़ने लगे हैं. सेंटर फॉर डिसीज कंट्रोल (सीडीसी) के आंकड़ों के मुताबिक, कोविड का नया वैरिएंट JN.1 की वजह से मरीज बढ़ रहे हैं. नए मामलों में 44 फीसदी से ज्यादा मामले JN.1 से ही जुड़े हैं.
5. रूस को टारगेट करने के लिए बाइडेन ने जारी किया ये आदेश
अमेरिकी राष्ट्रपति जो बाइडेन ने उस आदेश पर हस्ताक्षर कर दिए हैं जो ट्रेजरी विभाग को उन वित्तीय संस्थानों के खिलाफ कार्रवाई करने का अधिकार देता है जो रूस के रक्षा मंत्रालय को मजबूत करने का काम करते हैं. इस आदेश से यूक्रेन से जंग लड़ रहे रूस को बड़ा झटका लग सकता है.
दुनिया की 5 बड़ी खबरें...
1. हमास से जंग में इजरायल के 139 सैनिक मारे गए
7 अक्टूबर से जारी हमास के साथ जंग में इजरायल के भी सैकड़ों सैनिक मारे जा चुके हैं. इजरायली सेना ने बताया कि गाजा में दो और सैनिकों की मौत हो गई है. अब तक हमास के साथ जंग में इजरायली सेना के 139 सैनिक मारे जा चुके हैं.
2. जेल में बंद इमरान खान ने नामांकन किया दाखिल
पाकिस्तान के पूर्व प्रधानमंत्री इमरान खान ने आम चुनाव के लिए नामांकन दाखिल कर दिया है. उन्होंने पंजाब प्रांत की मियांवाली सीट से नामांकन दाखिल किया है. पाकिस्तान में अगले साल 8 फरवरी को आम चुनाव होने हैं.
3. पाकिस्तान में फिर आतंकी हमला, 6 मजदूरों की मौत
पाकिस्तान में आतंकी हमले थम हीं रहे हैं. शुक्रवार को खैबर पख्तूनख्वाह में आतंकियों ने फिर बड़ा हमला किया. ये हमला खैबर पख्तूनख्वाह की एक कंस्ट्रक्शन साइट पर किया है. हमले में 6 मजदूरों की मौत हो गई.
4. चेक रिपब्लिक में मास शूटिंग के हमलावर की हुई पहचान
चेक रिपब्लिक की राजधानी प्राग में गुरुवार को एक यूनिवर्सिटी में मास शूटिंग हुई. इस गोलीबारी में हमलावर समेत 14 लोगों की मौत हो गई. 25 लोग अब भी बुरी तरह से घायल बताए जा रहे हैं. इस हमले को डेविड कोजाक नाम के शख्स ने अंजाम दिया था.
5. चीन में भूकंप से 148 मौतें, लाखों लोग हुए विस्थापित
चीन की गांसु प्रांत में सोमवार को आए भूकंप में अब तक 148 लोगों के मारे जाने की पुष्टि हो चुकी है. भूकंप के कारण 1.39 लाख से ज्यादा लोगों को इमरजेंसी शेल्टर में रखा गया है. सोमवार को आए इस भूकंप की तीव्रता 5.9 थी. ये 9 साल में चीन का सबसे बड़ा भूकंप था.
भारत की 5 बड़ी खबरें...
1. रेसलर बजरंग पूनिया ने लौटाया पद्मश्री, फुटपाथ पर रखा मेडल
भारतीय कुश्ती महासंघ (WFI) के चुनाव में बृजभूषण सिंह के करीबी संजय सिंह के अध्यक्ष बनने के विरोध में रेसलर बजरंग पूनिया ने अपना पद्मश्री लौटा दिया है. उन्होंने शुक्रवार को प्रधानमंत्री आवास के सामने फुटपाथ पर अपना मेडल रख दिया.
2. कर्नाटक में हिजाब पर लगा प्रतिबंध हटेगा, सीएम ने दिए आदेश
कर्नाटक की कांग्रेस सरकार हिजाब पर लगे प्रतिबंध को हटाने जा रही है. मुख्यमंत्री सिद्धारमैया ने शुक्रवार को हिजाब पर लगे बैन को हटाने का आदेश दिया है. उन्होंने कहा कि हर किसी को अपनी पसंद के हिसाब से कपड़े पहनने का अधिकार है.
3. शराब घोटाला केस में सीएम केजरीवाल को ईडी का तीसरा समन
दिल्ली के कथित शराब घोटाला मामले में मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को ईडी ने तीसरा समन जारी किया है. ईडी ने उन्हें तीन जनवरी को पूछताछ के लिए बुलाया है. केजरीवाल को इससे पहले दूसरा समन जारी किया गया था और उन्हें 21 दिसंबर को पेश होने को कहा गया था.
4. संजय सिंह के खिलाफ केस को कोर्ट ने सही ठहराया
दिल्ली शराब घोटाले में आम आदमी पार्टी के राज्यसभा सांसद संजय सिंह की जमानत याचिका खारिज हो गई है. दिल्ली की अदालत ने AAP नेता को जमानत देने से इनकार करते हुए कहा कि संजय सिंह के खिलाफ मामला वास्तविक है. साथ ही कहा कि जो सबूत पेश किए गए हैं, वह कथित मनी लॉन्ड्रिंग में उनकी संलिप्तता दिखाते हैं.
5. यूट्यूबर मनीष कश्यप शनिवार को होंगे जेल से रिहा
पटना हाईकोर्ट से राहत मिलने के बाद बिहार के यूट्यूबर मनीष कश्यप की 23 दिसंबर को रिहाई होगी. मनीष को बिहार की बेऊर जेल में रखा गया है. 9 महीने बाद वो जेल से रिहा होने जा रहे हैं. पहले उन्हें तमिलनाडु ले जाया जाना था. मगर, पटना सिविल कोर्ट के फैसले के बाद बिहार में ही रखा गया.