पश्चिम बंगाल के मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी सोमवार को कोलकाता के पार्क सर्कस पहुंचे. पार्क सर्कस में 17 मई 2026 को हिंसक प्रदर्शन हुआ था. इस दौरान 3 पुलिसकर्मी घायल हो गए थे. हालात को काबू में करने के लिए पुलिस को लाठीचार्ज करनी पड़ी. इस दौरान 40 से ज्यादा लोगों को गिरफ्तार किया था.
आज मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे. उन्होंने पार्क सर्कस में पत्थरबाजी करने वालों को चेतावनी देते हुए कहा कि, 'मैं कहना चाहता हूं कि हम लोग एंटी सोशल और ऐंटी नेशनल एक्टिविटी की परमिशन नहीं करेंगे. पुलिस मंत्री और होम मिनिस्टर के तौर पर आखिरी वॉर्निंग दे रहा हूं अगर इसके बाद एक बार भी पुलिस पर हाथ उठाया उसको तो सजा मिलेगी.'
सीएम शुभेंदु ने कहा कि', अब आप लोग कान खोलकर सुन लें इसके बाद अगर किसी ने ऐसा काम किया मुझसे खराब पुलिस मंत्री कोई नहीं होगा.' उन्होंने कहा कि पुलिस घायल हो गया होगा और पुलिस मंत्री एसी रूम में बैठकर देखेगा ये दिन गए.
सीएम शुभेंदु ने कश्मीर का जिक्र करते हुए कहा कि कश्मीर में पत्थरबाजी बहुत पहले ही खत्म कर दी गई थी; यहां भी इसे रोक दिया जाएगा. बंगाल में हर तरह की गुंडागर्दी खत्म हो रही है. ज़ीरो टॉलरेंस. यह सरकार इसे सुनिश्चित करने के लिए हर संभव कदम उठाएगी. उन्होंने कहा कि कल की घटना एक सोची-समझी साजिश थी.
पार्क सर्कस में शुभेंदु डिप्टी कमिश्नर के दफ़्तर पहुंचे और प्रेस कॉन्फ्रेंस की.
उन्होंने पुलिस से कहा कि राजनीतिक जुड़ाव, रसूखदार संपर्कों और धार्मिक पृष्ठभूमि की परवाह किए बिना कानूनी कार्रवाई करें. उन्होंने कहा कि आप बिना किसी डर के अपने कर्तव्यों का पालन करें. आपके पीछे आपके गृह मंत्री और मुख्यमंत्री खड़े हैं. पुलिस मंत्री के तौर पर मैं यह घोषणा करता हूं कि अगर किसी भी पुलिस अधिकारी को कोई नुकसान पहुंचाया गया, तो यह सरकार जवाब देने के लिए किसी भी हद तक जाएगी. बात सिर्फ़ गिरफ़्तारी तक ही नहीं रुकेगी; इससे कहीं ज़्यादा किया जाएगा.
सीएम ने कहा कि जैसा कि प्रधानमंत्री पहले ही कह चुके हैं. भरोसा रखें, डर को बाहर निकाल दें. मैं आपके काम से खुश हूं. BNS के तहत कानूनी कार्रवाई करें. जीरो टॉलरेंस की नीति बनाए रखें. मेरी बात ध्यान से सुनें. अगर आपने इस इलाके में कोई भी गैर-कानूनी काम किया है, तो यह आखिरी बार होना चाहिए. अगर आपने दोबारा ऐसा किया, तो आपको मुझसे ज़्यादा सख्त पुलिस मंत्री कोई नहीं मिलेगा.