कैश दो...दो यार..बहुत कर्जा लिए हैं....10 हजार ही दे दो. सुनने में ये अल्फाज भले ही अजीब लगे, लेकिन हैरान कर देने वाली घटना में गन पॉइंट पर लूट की कोशिश करने वाले शख्स के हैं. जिसने वाराणसी के थाना बड़ागांव क्षेत्रान्तर्गत काजीसराय के जनसेवा केंद्र पर लूट की नीयत से संचालक पर पिस्टल तान दिया था. जनसेवा केंद्र संचालक की सूझबूझ से वारदात नहीं हो सकी और लुटेरे को लोगों ने पीटकर पुलिस के हवाले कर दिया.
जांच के दौरान पता चला कि लूटेरा प्राइवेट स्कूल का टीचर निकला. जो अपने ऊपर हो चुके कर्ज को चुकाने के लिए लूट की घटना कौन अंजाम देने पहुंचा था. यह पूरी घटना सीसीटीवी में कैद हो गई. वाराणसी में लूट की कोशिश की ऐसी तस्वीरें शायद ही पहले कभी सामने आई होंगी. जिसमें सनसनीखेज तरीके से न केवल लुटेरा पिस्टल तानकर धमका रहा है, बल्कि अपनी मजबूरी को भी बड़े ही मासूमियत के साथ बता रहा है.
कर्ज की वजह से 25 हजार महीना किश्त देता है आरोपी
अपने जनसेवा केंद्र पर रोज की तरह जावेद अली मौजूद थे. तभी 9 मई की रात लगभग 8 बजे एक शख्स हेलमेट लगाए हुए वहां पहुंचा. कुछ देर इधर-उधर समय बिताने के बाद उसने लगी ग्रिल में से संचालक जावेद अली पर पिस्तौल तान दी. इतना ही नहीं बड़ी ही मासूमियत के साथ लुटेरे ने कहा- कैश दो...दो यार...बहुत कर्जा लिए हैं. 10 हजार ही दे दो. कुछ पल के लिए संचालक जावेद अली ने लुटेरे को अपनी बातों में उलझाए रखा और फिर शोर मचाने लगे. यह सुनकर लुटेरा वहां से भाग निकला.
लेकिन हिम्मत का परिचय देते हुए जावेद ने उसका पीछा किया और बाहर निकलने पर इलाके के लोगों की मदद से उसे पकड़ लिया गया. लोगों ने जमकर उसकी धुनाई की और पुलिस को सौंप दिया. पकड़े गए लुटेरे को हिरासत में लेकर जब पूछताछ की गई तो उसकी पहचान गौतम पटेल पुत्र शिवकुमार पटेल निवासी भरतपुर, थाना बड़ागांव, वाराणसी के रहने वाले के रूप में हुई.
बताया जाता है लुटेरा एक प्राइवेट स्कूल में टीचर है और ज्यादा कर्ज लेने की वजह से उसे ₹25000 महीने किस्त जमा करना पड़ता है. इसी वजह से लूट की घटना के दौरान भी उसने कर्ज होने का जिक्र करते हुए महज 10 हजार की ही डिमांड की थी.