उत्तर प्रदेश टास्क फोर्स (एसटीएफ) ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. पुलिस ने चार तस्करों को अरेस्ट किया है. इस दौरान 3.70 क्विंटल गांजा बरामद किया गया, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 92.50 लाख रुपये है. जांच में खुलासा हुआ कि गांजे की खेप ओडिशा से छत्तीसगढ़ और सुलतानपुर होते हुए लखनऊ लाई जा रही थी.
पुलिस के अनुसार, यह गिरफ्तारी 13 फरवरी 2026 को रात 8:32 बजे लखनऊ के थाना गोमतीनगर विस्तार क्षेत्र में की गई. एसटीएफ को सूचना मिली थी कि ओडिशा के मलकानगिरी से गांजे की बड़ी खेप छत्तीसगढ़ और सुलतानपुर के रास्ते लखनऊ लाई जा रही है.
यह भी पढ़ें: यूट्यूब पर 56 लाख सब्सक्राइबर, इंस्टाग्राम पर 3 लाख फॉलोअर... फिर भी सोशल मीडिया स्टार करने लगा गांजा तस्करी
आरोपी तस्कर ट्रक में गांजा छिपाकर लाते थे, जबकि एक बिना नंबर की स्कॉर्पियो आगे-आगे चलकर पुलिस चेकिंग की सूचना ड्राइवर तक पहुंचाती थी. जांच में सामने आया कि ट्रक के प्लेटफॉर्म में विशेष रूप से बनाई गई गुप्त कैविटी में 5 से 8 क्विंटल तक गांजा छिपाया जाता था, ताकि किसी को शक न हो.
इस कार्रवाई के दौरान ट्रक, बिना नंबर की स्कॉर्पियो, पांच मोबाइल फोन, एक वाईफाई डोंगल और 9,300 रुपये कैश बरामद हुए हैं. पुलिस ने जब गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की तो खुलासा हुआ है कि गिरोह अब तक 15 से 20 बार उड़ीसा से गांजे की खेप लखनऊ ला चुका है. गांजे की यह खेप लखनऊ के अलावा सीतापुर, बाराबंकी, गोण्डा और बहराइच में सप्लाई की जाती थी.
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि गिरफ्तार किए गए आरोपियों के खिलाफ गोमतीनगर विस्तार थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं में केस दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है.