scorecardresearch
 

PAK में जन्म, यूपी में ठिकाना: ISI कनेक्शन वाली 'नाजिया' गिरफ्तार, क्या मेरठ को स्लीपर सेल का केंद्र बना रही थी मां-बेटी?

मेरठ पुलिस ने लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आकर फर्जी दस्तावेजों के सहारे रह रही पाकिस्तानी नागरिक सबा फरहत को गिरफ्तार किया है. आरोपी महिला पर अपनी बेटी के साथ मिलकर फर्जी पासपोर्ट बनवाने, बिना अनुमति विदेश यात्रा करने और देश की गोपनीय जानकारियां सीमा पार भेजने जैसे कई संगीन आरोप लगे हैं.

Advertisement
X
मेरठ निवासी सबा फरहत उर्फ नाजिया पर गंभीर आरोप (Photo- ITG)
मेरठ निवासी सबा फरहत उर्फ नाजिया पर गंभीर आरोप (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: मेरठ के थाना दिल्ली गेट पुलिस ने सोमवार को जली कोठी निवासी पाकिस्तानी नागरिक सबा फरहत उर्फ नाजिया को गिरफ्तार कर लिया. सबा वर्ष 1988 में फरहत मसूद से निकाह के बाद लॉन्ग टर्म वीजा पर भारत आई थी और पिछले तीन दशकों से बिना भारतीय नागरिकता के यहां रह रही थी. 

आरोप है कि उसने अपनी पाकिस्तान में जन्मी बेटी एनम के साथ मिलकर फर्जी दस्तावेजों से भारतीय पासपोर्ट बनवाया और कई देशों की यात्राएं की. स्थानीय महिला रुखसाना की शिकायत पर हुई जांच में वोटर आईडी कार्ड और अन्य दस्तावेज फर्जी पाए जाने के बाद पुलिस ने यह कार्रवाई की है.

फर्जी दस्तावेजों का खेल और विदेश यात्रा

शिकायत के अनुसार, सबा ने 1993 में पाकिस्तान में बेटी एनम को जन्म दिया था और उसे पाकिस्तानी पासपोर्ट पर भारत लाई थी. एनम को भारतीय नागरिकता नहीं दिलाई गई, फिर भी फर्जी कागजात के आधार पर उसका भारतीय पासपोर्ट बनवाया गया. 

सबा ने खुद भी वोटर लिस्ट में सबा मसूद और नाजिया मसूद के नाम से दो अलग-अलग वोट बनवा रखे थे. इन फर्जी दस्तावेजों के सहारे मां-बेटी ने पाकिस्तान सहित कई अन्य देशों की यात्राएं भी कीं, जो नियमों का सीधा उल्लंघन है.

Advertisement

जासूसी और स्लीपर सेल बनाने का आरोप

दर्ज मामले में आरोप लगाया गया है कि सबा के पिता हनीफ पाकिस्तान में आईएसआई एजेंट हैं. सबा और उसकी अधिवक्ता बेटी एनम पर आरोप है कि वे सैन्य इलाकों और दिल्ली स्थित विभिन्न मंत्रालयों में घूमकर गोपनीय सूचनाएं जुटाती थीं. शिकायतकर्ता ने उन पर आईएसआई के लिए जासूसी करने और भारत में स्लीपर सेल तैयार करने का भी गंभीर आरोप लगाया है. पुलिस अब इन सभी इनपुट्स की गहराई से पड़ताल कर रही है ताकि साजिश की पूरी कड़ियां जोड़ी जा सकें.

पुलिस की कार्रवाई और आगामी जांच

मेरठ के एसपी सिटी आयुष विक्रम ने पुष्टि की है कि दिल्ली गेट थाने में मामला पंजीकृत होने के बाद जांच की गई. जांच में महिला द्वारा बिना अनुमति यात्रा करने और फर्जी तरीके से वोटर आईडी बनवाने के आरोप सही पाए गए हैं. इसी आधार पर सबा फरहत को गिरफ्तार किया गया है और उसे माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा. पुलिस अब इस नेटवर्क में शामिल अन्य लोगों की पहचान कर रही है ताकि उनके खिलाफ भी सख्त कानूनी कार्रवाई की जा सके.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement