उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेसवे पर शनिवार शाम एक बड़ा सड़क हादसा हुआ. नोएडा से बिहार के दरभंगा जा रही एक डबल डेकर बस थाना नौहझील क्षेत्र में किलोमीटर संख्या 76 के पास अनियंत्रित होकर पलट गई. बस में करीब 72 यात्री सवार थे. जिनमें से 20 गंभीर रूप से घायल हैं.
घटना शाम करीब 7:36 बजे की बताई जा रही है. हादसे की सूचना मिलते ही नौहझील थाना पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया. पुलिस टीम ने बस के शीशे तोड़कर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाला.
इस दुर्घटना में किसी की जान नहीं गई है, हालांकि कई यात्रियों को चोटें आई हैं. सभी घायलों को एंबुलेंस और सरकारी वाहनों की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र नौहझील भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है.
घटनास्थल पर मौजूद लोगों की सहायता से फंसे यात्रियों को बस से सुरक्षित बाहर निकाला गया. डॉक्टरों के अनुसार, गंभीर रूप से घायल यात्रियों पर विशेष नजर रखी जा रही है, जबकि अन्य का प्राथमिक उपचार जारी है.
यमुना एक्सप्रेसवे पर सड़क हादसों की घटनाएं अक्सर सामने आती रहती हैं. इसकी एक बड़ी वजह तेज रफ्तार है. कई चालक निर्धारित गति सीमा का पालन नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.
इसके अलावा लंबी और सीधी सड़क होने के कारण कई बार ड्राइवरों को नींद या झपकी आ जाती है, जो हादसों की अहम वजह बनती है. खराब मौसम, जैसे धुंध या बारिश, भी विजिबिलिटी कम कर देते हैं, जिससे दुर्घटनाएं बढ़ती हैं.
विशेषज्ञों का मानना है कि अगर चालक सतर्कता बरतें, गति सीमा का पालन करें और समय-समय पर ब्रेक लेकर आराम करें, तो इन हादसों को काफी हद तक रोका जा सकता है.