scorecardresearch
 

लखनऊ मेट्रो स्टेशन पर 53 कारतूसों के साथ पकड़ी गई महिला, 9 खोखे भी बरामद

लखनऊ के बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन पर एक महिला के बैग से 53 जिंदा और 10 खोखा कारतूस बरामद हुए. स्कैनिंग के दौरान बैग संदिग्ध पाया गया. महिला वैध दस्तावेज नहीं दिखा सकी, जिसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया.

Advertisement
X
महिला के बैग से 53 जिंदा और 10 खोखा कारतूस बरामद (Photo: Ashish Srivastav/ITG)
महिला के बैग से 53 जिंदा और 10 खोखा कारतूस बरामद (Photo: Ashish Srivastav/ITG)

लखनऊ के बादशाहनगर मेट्रो स्टेशन पर उस समय हड़कंप मच गया जब एक संदिग्ध बैग की जांच के दौरान भारी मात्रा में कारतूस बरामद हुए. इस मामले में थाना महानगर पुलिस ने एक महिला को गिरफ्तार किया है. घटना 5 अप्रैल 2026 को दोपहर 11 बजकर 59 मिनट की बताई जा रही है. जानकारी के अनुसार, महिला ने काले रंग का बैग मेट्रो स्टेशन पर लगे XBIS स्कैनर पर रखा था. स्कैनिंग के दौरान बैग के अंदर कारतूस जैसी संदिग्ध वस्तु दिखाई दी. इसके बाद वहां तैनात महिला गार्ड, जो SIS से संबंधित है, ने बैग की भौतिक जांच कराई.

जांच के दौरान बैग से 35 जिंदा कारतूस .303 बोर के बरामद हुए. इनके साथ 7 क्लिप चार्जर और 3 खाली क्लिप चार्जर भी मिले. इसके अलावा बैग में रखे एक छोटे काले पर्स से 18 जिंदा कारतूस 9MM के बरामद हुए. पुलिस को बैग में एक पन्नी भी मिली, जिसमें 9MM के 9 खोखा कारतूस रखे हुए थे. इसके साथ ही एक खोखा कारतूस .303 बोर का भी बरामद किया गया. कुल मिलाकर महिला के पास से 53 जिंदा कारतूस और 10 खोखा कारतूस बरामद किए गए.

मेट्रो स्कैनिंग में संदिग्ध बैग से कारतूस का खुलासा

गिरफ्तार महिला की पहचान प्रतिभा पाल के रूप में हुई है. वह स्वर्गीय यशवंत सिंह की पत्नी हैं और उनकी उम्र 43 वर्ष बताई गई है. महिला उत्तर प्रदेश के कानपुर नगर जिले के थाना साढ़ क्षेत्र के ग्राम तिवारीपुर की रहने वाली है. पूछताछ के दौरान महिला इन कारतूसों के संबंध में कोई वैध दस्तावेज या लाइसेंसी कागज नहीं दिखा सकी. इसके बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए उसे हिरासत में ले लिया.

Advertisement

थाना महानगर में आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज

इस मामले में थाना महानगर में मु0अ0सं0 59/2026 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है. महिला के खिलाफ आर्म्स एक्ट की धारा 3/25 के तहत कार्रवाई की जा रही है. पुलिस ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की जांच जारी है. इस घटना के बाद मेट्रो स्टेशन की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं.
 

---- समाप्त ----
Live TV

TOPICS:
Advertisement
Advertisement