scorecardresearch
 

शादीशुदा मामी को भांजे से हुआ प्यार, साथ रहने के लिए सास को रोटी में जहर देकर मार डाला

लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार और हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. यहां एक महिला ने अपने ही सास की भांजे के साथ मिलकर हत्या कर दी. सबसे बड़ी सास को मारने का उसने ऐसा तरीका अपनाया कि किसी को शक भी नहीं हुआ.

Advertisement
X
मामी ने भांजे के साथ मिलकर सास को मारा. (File Photo: Ankit Mishra/ITG)
मामी ने भांजे के साथ मिलकर सास को मारा. (File Photo: Ankit Mishra/ITG)

उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ से रिश्तों को शर्मसार करने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है. यहां एक शादीशुदा मामी ने अपने ही भांजे के साथ मिलकर सास की हत्या की साजिश रची और उसे अंजाम तक पहुंचा दिया. हैरानी की बात ये है कि हत्या से पहले आरोपी मामी ने 10 दिन पहले भी सास को चाय में जहर देकर मारने की कोशिश की थी, लेकिन उस वक्त सास बच गई थी. परिवार ने शुरुआत में बुजुर्ग महिला की मौत को सामान्य मानते हुए शव को दफना दिया, लेकिन बाद में शक गहराया तो मामला खुलकर सामने आया.

रोटी खाते ही होने लगी उल्टी और हो गई मौत
पुलिस ने शव को कब्र से निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा है और आरोपी मामी को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि उसका प्रेमी भांजा फरार है. मृतका के बेटे मनोज रावत ने बताया कि 5 अप्रैल को उनकी मां शांति देवी को रोटी कड़वी लग रही थी. ऐसे में एक रोटी खाने के बाद उनकी हालत बिगड़ने लगी और उन्हें उल्टी होने लगी. हालत गंभीर होने पर पहले स्थानीय डॉक्टर और फिर अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई.

सास का शव कब्र से निकलवाने पहुंची पुलिस. (photo: Ankit Mishra/ITG)

घटना के बाद जब घर में रोटी को लेकर चर्चा हुई तो आरोपी शालिनी बार-बार अपने बयान बदलती रही. बाद में घर में ही पन्नी में लिपटी संदिग्ध रोटी मिलने से शक और गहरा गया. जिसके बाद पंचायत बुलाई गई तो एक रिश्तेदार ने खुलासा किया कि शालिनी ने पहले भी कीटनाशक मंगवाया था. सख्ती से पूछताछ में शालिनी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया. उसने बताया कि पहले चाय में जहर मिलाया था, लेकिन सास ने चाय फेंक दी थी. इसके बाद दूसरी बार पाउडर जहर रोटी में मिलाकर खिला दिया, जिससे उसकी मौत हो गई.

Advertisement

कुछ दिन पहले ही इराक से लौटकर आया था भांजा
शालिनी ने यह भी स्वीकार किया कि उसने यह सब अपने भांजे करण के कहने पर किया. जांच में सामने आया कि करण कुछ समय पहले इराक से लौटकर आया था, जिसके बाद मामी और भांजे के बीच नजदीकियां बढ़ गईं. जब सास ने इस रिश्ते का विरोध किया तो दोनों ने मिलकर उसे रास्ते से हटाने की साजिश रच डाली.

मामले में डीसीपी पश्चिम कमलेश दीक्षित ने बताया कि मृतका के बेटे मनोज की तहरीर पर थाना काकोरी में शालिनी और करन के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. प्रशासन से अनुमति मिलने के बाद शव को कब्र से निकालकर पोस्टमार्टम कराया गया है और विसरा सुरक्षित रखा गया है. फिलहाल आरोपी मामी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है और फरार भांजे की तलाश जारी है. डीसीपी का दावा है कि जल्द ही भांजे को भी गिरफ्तार कर लिया जाएगा. 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement