scorecardresearch
 

UP: नौकरी दिलाने के नाम पर होटल में इंटरव्यू और परीक्षा लेता था फर्जी दारोगा, ऐसे पकड़ा गया

कानपुर पुलिस ने एक शातिर ठग संजय कुमार सिंह को गिरफ्तार किया है, जो पुलिस की वर्दी पहनकर और खुद को सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी कर रहा था. आरोपी होटल में इंटरव्यू बुलाता और स्कूल किराए पर लेकर फर्जी परीक्षा कराता था. पुलिस ने पिस्टल, फर्जी कार्ड और सरकारी दस्तावेज बरामद किए हैं.

Advertisement
X
फेक पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार (Photo: Simer Chawla/ITG)
फेक पुलिस इंस्पेक्टर गिरफ्तार (Photo: Simer Chawla/ITG)

कानपुर में नौकरी दिलाने के नाम पर लंबे समय से ठगी कर रहे एक शातिर आरोपी की गिरफ्तारी के बाद बड़ा खुलासा हुआ है. आरोपी पुलिस की वर्दी पहनकर लोगों को सरकारी नौकरी दिलाने का झांसा देता था. वह खुद को कभी दारोगा तो कभी सीबीआई अधिकारी बताकर लोगों से पैसे वसूल करता था. अनवरगंज थाना पुलिस को सूचना मिली थी कि सरकारी नंबर की गाड़ी से वर्दी पहनकर एक शख्स घूम रहा है और कई लोगों से नौकरी दिलाने के नाम पर पैसा ठग चुका है. पुलिस ने सूचना के आधार पर घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया. इसके बाद थाने लाकर पूछताछ की गई तो ठगी के पूरे नेटवर्क की कहानी सामने आ गई.

पकड़ा गया आरोपी संजय कुमार सिंह बताया गया है. पुलिस ने उसके बैग की तलाशी ली तो उसमें पुलिस की वर्दी, कई सीबीआई अधिकारियों के कार्ड, उत्तर प्रदेश के प्रमुख सचिव का लेटर और एक लाइटर पिस्टल भी मिली. पुलिस को कारतूस और अन्य सरकारी दस्तावेज भी बरामद हुए हैं. पूछताछ में सामने आया कि आरोपी काफी दिनों से लोगों को नौकरी दिलाने के नाम पर फर्जीवाड़ा कर रहा था. वह पहले होटल में कमरा बुक करता था और लोगों को इंटरव्यू के लिए बुलाता था. इसके बाद फर्जी नौकरी का लेटर देकर उनसे पैसे वसूल लेता था.

नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी 

इतना ही नहीं, आरोपी लखनऊ में प्राइवेट स्कूल और होटल किराए पर लेकर नकली परीक्षा और इंटरव्यू तक करवाता था. पैसे लेने के बाद वह रिजल्ट में देरी का बहाना बनाकर लोगों को डराता और धमकाता था. आरोपी जिस गाड़ी से घूम रहा था, उस पर उसने ज्वाइन पुलिस कमिश्नर का नंबर लगा रखा था ताकि कोई उसे रोके नहीं. जब पुलिस ने इस बारे में सवाल किया तो आरोपी अपने बचाव में यह कहने लगा कि यूपी के एक डिप्टी सीएम के पूर्व ओएसडी ने उसे फंसाया है और वही नंबर प्लेट उसे लगाने के लिए दी गई थी. आरोपी ने कोशिश की कि किसी बड़े अधिकारी का नाम लेकर खुद को बचाया जा सके.

Advertisement

पुलिस ने फर्जी दारोगा को अरेस्ट किया

डीसीपी सेंट्रल कानपुर अतुल श्रीवास्तव ने बताया कि आरोपी के कब्जे से फर्जी पुलिस आईडी, वर्दी, लाइटर पिस्टल, कारतूस और अन्य दस्तावेज बरामद किए गए हैं. आरोपी अपने साथी दुर्गेश सविता और विजय चौहान के साथ मिलकर ठगी कर रहा था. दो आरोपी फिलहाल फरार हैं और उनकी तलाश की जा रही है. पुलिस ने आरोपी के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है. पुलिस अब उसके गैंग में शामिल अन्य लोगों की जानकारी जुटाने में लगी है. इस मामले में डीसीपी अतुल श्रीवास्तव और आरोपी संजय कुमार सिंह के बयान भी सामने आए हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement