scorecardresearch
 

गोरखपुर में हाईवोल्टेज ड्रामा, प्रेमी से शादी की जिद पर पानी की टंकी पर चढ़ी युवती, दो घंटे बाद उतरी

गोरखपुर के बेलीपार क्षेत्र में प्रेमी से शादी की जिद पर एक युवती पानी की टंकी पर चढ़ गई. करीब दो घंटे तक चले ड्रामे के बाद और प्रेमी के समझाने पर वह नीचे उतर आई. परिवार ने उसकी शादी तय की थी, जिसका वह विरोध कर रही थी. बाद में दोनों पक्षों में सहमति बन गई.

Advertisement
X
प्रेमी से शादी की जिद पर प्रेमिका टंकी पर चढ़ी  (Photo: Screengrab)
प्रेमी से शादी की जिद पर प्रेमिका टंकी पर चढ़ी (Photo: Screengrab)

उत्तर प्रदेश के गोरखपुर में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां प्रेमी से शादी की जिद पर एक युवती पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गई. यह घटना बेलीपार थाना क्षेत्र के जोतबगही में बने जल जीवन मिशन की पानी की टंकी की है, जहां करीब दो घंटे तक हाई वोल्टेज ड्रामा चलता रहा. युवती को टंकी पर चढ़ा देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई और देखते ही देखते मौके पर भारी भीड़ जमा हो गई. लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गई.

पुलिस ने काफी सावधानी और धैर्य के साथ युवती से बातचीत शुरू की और उसे नीचे उतरने के लिए समझाने का प्रयास किया. इस दौरान माहौल तनावपूर्ण बना रहा और लोग नीचे खड़े होकर लगातार स्थिति पर नजर बनाए रहे. इसी बीच पुलिस ने युवती के प्रेमी को भी मौके पर बुलाया. प्रेमी के पहुंचने के बाद उसने युवती को समझाया और उसे शांत किया. इसके बाद युवती ने टंकी से नीचे उतरने का निर्णय लिया और करीब दो घंटे बाद सुरक्षित नीचे उतर आई.

बेलीपार इलाके में दो घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा

पुलिस के अनुसार युवती अपने परिवार के फैसले से नाराज थी. परिजनों ने उसकी शादी अप्रैल 2026 में कहीं और तय कर दी थी, जबकि युवती अपने ही थाना क्षेत्र के एक युवक से प्रेम करती है और उसी से शादी करने की जिद पर अड़ी हुई थी. परिवार के फैसले के विरोध में ही उसने यह कदम उठाया था. घटना के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को समझाकर बातचीत कराई. मौके पर आपसी सहमति से मामला सुलझाने की कोशिश की गई.

Advertisement

प्रेमी के समझाने पर टंकी से नीचे उतरी युवती

पुलिस ने बताया कि बातचीत के बाद दोनों पक्ष शादी के लिए तैयार हो गए. इसके बाद पुलिस ने समझौता कराकर स्थिति को शांत कराया और युवती को उसके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. इस घटना के बाद पूरे इलाके में चर्चा का माहौल बना रहा और लोग काफी देर तक मौके पर जुटे रहे. पुलिस की त्वरित कार्रवाई से स्थिति नियंत्रण में आ गई और किसी तरह की अनहोनी नहीं हुई.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement