scorecardresearch
 

7 साल की मासूम को कुत्तों के झुंड ने नोंचा, गंभीर हालत में गोंडा के अस्पताल में भर्ती

गोंडा जिले में आवारा कुत्तों का आतंक लगातार बढ़ता नजर आ रहा है. धानेपुर थाना क्षेत्र के एक गांव में सात साल की मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इससे पहले इसी इलाके में 14 फरवरी को कुत्तों के हमले में एक अन्य मासूम की मौत हो चुकी है, जिससे ग्रामीणों में दहशत का माहौल है.

Advertisement
X
7 साल की मासूम को कुत्तों के झुंड ने नोंचा (Photo: representational image)
7 साल की मासूम को कुत्तों के झुंड ने नोंचा (Photo: representational image)

उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में आवारा कुत्तों के हमले की एक और घटना सामने आई है. धानेपुर थाना क्षेत्र के गोरथनिया गांव में सात साल की मासूम बच्ची पर कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई. बच्ची को आनन-फानन में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज चल रहा है. इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है.

जानकारी के मुताबिक गोरथनिया गांव निवासी नानबाबू की सात वर्षीय बेटी देवांशी गांव में ही खेल रही थी. इसी दौरान चार से पांच आवारा कुत्तों ने अचानक उस पर हमला कर दिया. आसपास उस समय कोई मौजूद नहीं था, जिससे कुत्तों ने बच्ची को बुरी तरह नोच डाला. कुछ देर बाद जब ग्रामीणों की नजर उस पर पड़ी तो वे दौड़कर मौके पर पहुंचे और किसी तरह कुत्तों को भगाया.

परिजनों और ग्रामीणों ने गंभीर रूप से घायल बच्ची को तुरंत प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मुझेहना पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार देने के बाद उसकी हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया. जिला अस्पताल में डॉक्टरों की निगरानी में देवांशी का इलाज जारी है.

बताया जा रहा है कि देवांशी गांव के ही स्कूल में कक्षा दो की छात्रा है. उसके पिता नानबाबू रोजी-रोटी के लिए दूसरे प्रदेश में काम करते हैं और वहीं से परिवार का खर्च चलाते हैं. घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों में चिंता का माहौल है.

Advertisement

धानेपुर थाना क्षेत्र में यह इस तरह की दूसरी घटना है. इससे पहले 14 फरवरी को इसी क्षेत्र के टहलूंवां पुरवा गांव में छह साल की मासूम मुस्कान पर भी कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया था. उस हमले में बच्ची की दर्दनाक मौत हो गई थी. लगातार हो रही ऐसी घटनाओं से इलाके के लोगों में भय का माहौल बना हुआ है. 

 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement