scorecardresearch
 

3 बजे का सन्नाटा और ज्वेलरी शॉप पर धावा! शटर उखाड़कर लाखों के गहने ले उड़े चोर

गाजियाबाद के विजयनगर में देर रात चोरों ने सोनी ज्वेलर्स की दुकान का शटर उखाड़कर लाखों रुपये के गहने चोरी कर लिए. पूरी वारदात सीसीटीवी में कैद हुई है. सुबह घटना का पता चलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी. आरोपियों की तलाश में टीमें लगाई गई हैं.

Advertisement
X
घटना CCTV में कैद.(Photo: Screengrab)
घटना CCTV में कैद.(Photo: Screengrab)

गाजियाबाद के थाना विजयनगर क्षेत्र स्थित पुरानी सब्जी मंडी, सेक्टर-9 में देर रात चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने 'सोनी ज्वेलर्स' नाम की सुनार की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के जेवरात चोरी कर लिए. घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और पुलिस मामले की जांच में जुट गई है.

बताया जा रहा है कि घटना देर रात करीब 3 बजे की है, जब बाजार पूरी तरह सुनसान था. इसी दौरान पांच अज्ञात चोर दुकान के बाहर पहुंचे और शटर उखाड़ दिया. इसके बाद दो चोर दुकान के अंदर दाखिल हो गए, जबकि अन्य बाहर निगरानी करते रहे.

यह भी पढ़ें: गाजियाबाद डबल मर्डर: पति के जिगरी दोस्त से थे पत्नी के नाजायज संबंध, तीनों ने साथ किया डिनर, फिर हुआ खूनी खेल

दुकान में घुसते ही बदमाशों ने काउंटर और अलमारियों को खंगालना शुरू कर दिया और कीमती जेवरात समेटकर फरार हो गए.

सीसीटीवी में कैद हुई पूरी वारदात

दुकान के अंदर लगे सीसीटीवी कैमरों में पूरी घटना कैद हो गई है. फुटेज में दो चोर दुकान के भीतर काउंटर खोलकर आराम से सामान तलाशते दिखाई दे रहे हैं. दोनों बदमाशों के चेहरे आंशिक रूप से कैमरे में कैद हुए हैं, जिससे पुलिस को जांच में मदद मिलने की उम्मीद है.

Advertisement

देखें वीडियो...

सुबह जब दुकान मालिक दुकान खोलने पहुंचे तो टूटा हुआ शटर देखकर उनके होश उड़ गए. अंदर जाकर देखा तो दुकान का सामान बिखरा पड़ा था और जेवरात गायब थे. इसके बाद उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचना दी.

पुलिस ने शुरू की जांच और तलाश

सूचना मिलते ही थाना विजयनगर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया. पुलिस ने ज्वेलरी शॉप के साथ आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि आरोपियों की पहचान और उनके आने-जाने के रास्ते का पता लगाया जा सके.

दुकान मालिक की ओर से लिखित शिकायत दे दी गई है और पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. चोरों की तलाश में टीमें लगा दी गई हैं. अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर घटना का खुलासा किया जाएगा. फिलहाल वारदात के बाद इलाके के व्यापारियों में दहशत है और उन्होंने रात में पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement