scorecardresearch
 

आगरा में केमिस्ट्री का टीचर गिरफ्तार, यूट्यूब की मदद से तैयार कर रहा था खतरनाक 'सिंथेटिक ड्रग्स'

आगरा के खंदौली में पुलिस ने केमिस्ट्री टीचर मनोज कुमार को गिरफ्तार किया है. वह किराए के घर में MDMA (सिंथेटिक ड्रग) बनाने की लैब तैयार कर रहा था. पुलिस ने उसके पास से 700 लीटर से अधिक केमिकल और उपकरण बरामद किए हैं. आरोपी के खिलाफ NDPS एक्ट में मामला दर्ज हुआ है.

Advertisement
X
आगरा पुलिस ने आरोपी टीचर को अरेस्ट किया (Photo- Screengrab)
आगरा पुलिस ने आरोपी टीचर को अरेस्ट किया (Photo- Screengrab)

उत्तर प्रदेश के आगरा में पुलिस ने एक ऐसे आरोपी को गिरफ्तार किया है जो पेशे से केमिस्ट्री का टीचर है, लेकिन उस पर सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए बनाने की तैयारी का आरोप है. पुलिस ने उसके कब्जे से भारी मात्रा में केमिकल और उपकरण बरामद किए हैं, जिनका इस्तेमाल एमडीएमए जैसे नशीले पदार्थ के निर्माण में किया जाता है. 

आपको बता दें कि जिले के थाना खंदौली क्षेत्र में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है, जिसके पास से एमडीएमए ड्रग के निर्माण में इस्तेमाल होने वाला कच्चा माल और कई रसायन बरामद हुए हैं. गिरफ्तार आरोपी की पहचान मनोज कुमार के रूप में हुई है. वह फिरोजाबाद जिले के थाना नारखी क्षेत्र के ग्राम मरसलगंज पोस्ट गांगनी का रहने वाला है. फिलहाल मनोज आगरा के थाना खंदौली क्षेत्र के नगला मट्टू में दिनेश उपाध्याय के मकान में किराए पर रह रहा था. आरोपी की उम्र करीब 36 वर्ष बताई जा रही है.

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पेशे से रसायन विज्ञान का टीचर है और उसी जानकारी का इस्तेमाल कर वह एमडीएमए ड्रग बनाने की तैयारी कर रहा था. उससे इस ड्रग की सप्लाई पर सवाल-जवाब किये जा रहे हैं. 

Advertisement

पुलिस ने उसके कब्जे से बड़ी मात्रा में रसायन और उपकरण बरामद किए हैं. इनमें 450 लीटर डिस्टिल्ड वॉटर, 120 लीटर मिथाइल अमाइन, 27.5 लीटर हाइड्रोब्रोमिक एसिड, 100 लीटर एथाइल एसीटेट, 50 लीटर एसीटोन, 40 लीटर हाइड्रोक्लोरिक एसिड, 9 लीटर एथेनॉल सहित अन्य उपकरण शामिल हैं, जो सिंथेटिक ड्रग एमडीएमए के निर्माण में इस्तेमाल किए जाते हैं. 

इस मामले में थाना खंदौली, कमिश्नरेट आगरा में आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट में मुकदमा दर्ज किया गया है. पुलिस की इस कार्रवाई का नेतृत्व डीसीपी आदित्य कुमार ने किया. पुलिस अब आरोपी से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि वह अकेले इस काम में शामिल था या इसके पीछे कोई बड़ा नेटवर्क भी सक्रिय है.  

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement