scorecardresearch
 

हाथों में मेहंदी, बदन पर कफन! बारात जाने से पहले पेड़ पर लटका मिला दूल्हे का शव

बरेली के शाही थाना क्षेत्र में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब बारात निकलने से चंद घंटे पहले दूल्हे का शव बाग में पेड़ से लटका मिला. हाथों में रची मेहंदी और पैरों के जमीन छूने की स्थिति ने मामले को संदिग्ध बना दिया है.

Advertisement
X
बाग में पेड़ से लटक रहा था दूल्हे का शव (Photo- ITG)
बाग में पेड़ से लटक रहा था दूल्हे का शव (Photo- ITG)

Uttar Pradesh News: बरेली के शाही थाना क्षेत्र के सुभाषनगर मोहल्ले में 22 वर्षीय दूल्हे देवेंद्र मौर्य का शव साप्ताहिक बाजार में एक आम के पेड़ से लटका मिला. देवेंद्र की बारात शनिवार शाम को रिठौरा के उद्धानापुर गांव जानी थी, जिसकी तैयारियां घर में चल रही थीं. शुक्रवार रात तक लगन और सगाई का जश्न धूमधाम से मनाया गया था और देवेंद्र रात दो बजे अपने रिश्तेदारों के साथ सोने गया था. सुबह स्थानीय लोगों ने उसका शव पेड़ से बंधा देखा और परिजनों को सूचित किया. पुलिस और फॉरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है.

जश्न के बीच अचानक फैली सनसनी

मोहल्ला सुभाषनगर में शुक्रवार देर रात तक डीजे पर नाच-गाना चल रहा था. देवेंद्र की शादी को लेकर पूरा परिवार बेहद उत्साहित था. सगाई की रस्में पूरी होने के बाद देवेंद्र काफी खुश नजर आ रहा था, वह दो दिन पहले ही अपनी पसंद का कोट-पैंट खरीदकर लाया था. रात करीब दो बजे तक वह अपनों के बीच ही था, लेकिन सुबह उसकी मौत की खबर ने सबको झकझोर दिया. जिस घर से शाम को बारात निकलनी थी, वहां अब चीख-पुकार और सन्नाटा पसरा हुआ है.

हत्या या आत्महत्या? खड़े हुए सवाल

देवेंद्र के पिता रामदास मौर्य और परिजनों ने इसे हत्या करार दिया है. मौके पर शव एक पतली रस्सी से करीब छह फुट की ऊंचाई पर लटका था, लेकिन देवेंद्र के पैर पूरी तरह जमीन को छू रहे थे. परिजनों का तर्क है कि यदि उसे आत्महत्या करनी होती, तो वह शादी की इतनी तैयारी नहीं करता. उसके हाथों में मेहंदी और शादी का कंगन अब भी बंधा हुआ है. पिता का कहना है कि उनके बेटे की किसी से कोई दुश्मनी नहीं थी, फिर भी उसकी हत्या कर शव को पेड़ पर लटकाया गया है.

Advertisement

पुलिस और फॉरेंसिक जांच जारी

घटना की जानकारी मिलते ही शाही थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए. पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है कि यह मामला खुदकुशी का है या किसी साजिश का. मृतक के रिश्तेदारों का कहना है कि देवेंद्र मजदूरी करता था और कल तक सब कुछ सामान्य था. पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत की असली वजह साफ हो पाएगी. फिलहाल, दूल्हे की मौत से पूरे गांव में गम और गुस्से का माहौल है और ग्रामीण जल्द से जल्द न्याय की मांग कर रहे हैं.

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement