यूपी में बाराबंकी के देवा थाना क्षेत्र में एक शादी समारोह के वलीमा में खाना खाने के बाद करीब 27-28 लोग बीमार पड़ गए. इन लोगों ने वलीमे में बने कबाब को खाया था, जिससे इन सबकी तबीयत बिगड़ गई. तबीयत बिगड़ने के बाद सभी को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) देवा में भर्ती कराया गया.
घटना शनिवार दोपहर मोहल्ला लालापुर की है. यहां मुहिद के घर वलीमे का आयोजन था. थाना बड्डूपुर क्षेत्र के ग्राम खीझना से बारात आई थी. वलीमे में मेहमानों के लिए विभिन्न व्यंजन बनाए गए थे, जिनमें कबाब भी शामिल थे. कबाब खाने के कुछ देर बाद ही कई लोगों को उल्टी, पेट दर्द और बेचैनी जैसी शिकायतें होने लगीं.

धीरे-धीरे बीमार लोगों की संख्या बढ़ने लगी, जिसके बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया. परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से सभी बीमारों को तुरंत देवा के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने उनका इलाज शुरू किया.
यह भी पढ़ें: खिचड़ी खाते ही बिगड़ी तबियत, चिल्लाने लगा परिवार, 9 लोगों को फूड पॉइजनिंग
घटना की सूचना मिलते ही मुख्य चिकित्सा अधिकारी (CMO) डॉ. अवधेश कुमार यादव खुद अस्पताल पहुंचे. उन्होंने मरीजों का हालचाल जाना और डॉक्टरों को बेहतर इलाज के निर्देश दिए. सीएमओ ने बताया कि प्राथमिक जांच में यह मामला फूड पॉइजनिंग का लग रहा है. उन्होंने कहा कि करीब 27–28 लोगों की तबीयत खराब हुई थी, लेकिन अब सभी की हालत स्थिर है और वे खतरे से बाहर हैं.
डॉक्टरों के मुताबिक, समय पर इलाज मिलने की वजह से स्थिति नियंत्रण में है. सभी मरीजों की निगरानी की जा रही है और आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं.
स्थानीय लोगों का कहना है कि शादी समारोहों में भोजन की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देना जरूरी है, ताकि इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके. फिलहाल सभी मरीजों की हालत में सुधार बताया जा रहा है और प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है.