scorecardresearch
 

बजरंग दल के नाम पर स्पा सेंटर और कैफे संचालकों से वसूल रहा था रंगदारी, ऋषभ ठाकुर अरेस्ट

बरेली में जिला बदर घोषित ऋषभ ठाकुर को पुलिस ने रंगदारी मांगने के आरोप में गिरफ्तार किया है. वह बजरंग दल के नाम पर स्पा और कैफे संचालकों से वसूली कर रहा था. 40 हजार रुपये मांगने का ऑडियो वायरल हुआ था. आरोपी पर पहले भी कई मुकदमे दर्ज हैं. पुलिस अब गुंडा एक्ट उल्लंघन में कार्रवाई कर रही है.

Advertisement
X
बरेली में रंगदारी वसूल रहा था ऋषभ ठाकुर गिरफ्तार (Photo: Screengrab)
बरेली में रंगदारी वसूल रहा था ऋषभ ठाकुर गिरफ्तार (Photo: Screengrab)

बरेली पुलिस ने जिला बदर घोषित आरोपी ऋषभ ठाकुर को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. आरोप है कि वह बजरंग दल के नाम पर स्पा सेंटर और कैफे संचालकों से रंगदारी मांग रहा था. पुलिस के मुताबिक वह छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था, लेकिन इसके बावजूद चोरी-छिपे बरेली में रहकर दबंगई कर रहा था.

जानकारी के अनुसार थाना बारादरी में रंगदारी मांगने के मामले में मुकदमा दर्ज किया गया था. शिकायत में कहा गया कि ऋषभ ठाकुर ने एक स्पा सेंटर संचालक से 40 हजार रुपये की मांग की थी. इस संबंध में एक ऑडियो भी वायरल हुआ था. ऑडियो सामने आने के बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की और बीडीए की नवनिर्मित कॉलोनी में दबिश देकर उसे गिरफ्तार कर लिया.

बरेली में रंगदारी वसूल रहा था ऋषभ ठाकुर

बताया गया कि दिसंबर महीने में ऋषभ ठाकुर ने लव जिहाद के नाम पर एक नर्सिंग छात्रा के जन्मदिन कार्यक्रम में घुसकर रेस्टोरेंट में मारपीट की थी. उस घटना का वीडियो बनाकर वायरल भी किया गया था. इसके अलावा उसने एक स्पा सेंटर का स्टिंग ऑपरेशन करने के बाद संचालक से पैसे की मांग की थी.

पुलिस अधिकारियों ने बताया कि आरोपी को पहले गुंडा एक्ट के तहत छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था और निर्देश दिए गए थे कि वह इस अवधि में बरेली की सीमा में प्रवेश नहीं करेगा. इसके बावजूद वह बरेली में घूमता रहा और हिंदू संगठन तथा बजरंग दल के नाम का इस्तेमाल कर लोगों को डराने लगा. हालांकि संबंधित संगठनों ने स्पष्ट किया है कि वह उनका कार्यकर्ता नहीं है और उसे पहले ही निष्कासित किया जा चुका है.

Advertisement

 बीडीए कॉलोनी से बारादरी पुलिस ने दबोचा

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ पूर्व में भी कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं, जिनमें चोरी के मामले भी शामिल हैं. अधिकारी ने बताया कि जिला बदर आदेश के उल्लंघन के मामले में भी कार्रवाई की जाएगी और पूरे आपराधिक इतिहास की जांच कर विधिक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी. कुछ अन्य लोगों के नाम भी सामने आए हैं जिनकी आवाज ऑडियो में बताई जा रही है. उनकी भूमिका की भी जांच की जा रही है. गिरफ्तारी के बाद जब आरोपी को हवालात से बाहर लाया गया तो वह लंगड़ाता हुआ नजर आया. पुलिस का कहना है कि कानून व्यवस्था बिगाड़ने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी.
 

---- समाप्त ----
Live TV

Advertisement
Advertisement