अलीगढ़ में हथियारबंद बदमाशों ने सोमवार को अस्पताल में भर्ती मरीज को गोली मार दी. जिससे पूरे अस्पताल में हड़कंप मच गया. मामला क्वार्सी थाना इलाके में स्थित मैरिस रोड पर रेणुका अस्पताल का है. वहीं हमलावरों को जब अस्पताल स्टाफ ने उन्हें पकड़ने का प्रयास किया तो वह हवाई फायरिंग करते हुए मौके से भाग निकले. सूचना मिलते ही पुलिस भी पहुंच गई और जांच में जुट गई है.
जानकारी के अनुसार अलीगढ़ के ही खैर थाना इलाके के गांव अहरौला निवासी 32 वर्षीय वेदपाल पेशेवर किसान हैं. डेढ़ माह पहले वेदपाल को हाथ में चोट लग गई थी. सोमवार को परिजनों ने उन्हें मैरिस रोड स्थित रेणुका अस्पताल में भर्ती कराया था. हॉस्पिटल के फर्स्ट फ्लोर पर सेमी प्राइवेट रूम नंबर 15 में भर्ती थे. उसी रूम में सिकंदराराऊ निवासी सुधीर भी भर्ती थे. दोनों मरीजों के बेड के बीच में पर्दा डाल कर पार्टीशन किया हुआ था.
यह भी पढ़ें: वर्चस्व की लड़ाई में भाजपा नेता आमने-सामने, अलीगढ़ में ताबड़तोड़ फायरिंग के बाद 8 गिरफ्तार
एसएसपी ने क्या कहा?
दोपहर में डॉक्टरों ने देवपाल के हाथ का ऑपरेशन किया था. इस दौरान चाचा का बेटा व एक अन्य युवक अटेंडेंट के रूप में वेदपाल के साथ कमरे में मौजूद थे. इसी दौरान रात्रि में मौका पाकर दो लोग कमरे में घुसे और वेदपाल के माथे पर सटाकर गोलीं मारी और मौके से फ़रार हो गए.
एसएसपी नीरज कुमार जादौन ने घटनाक्रम पर जानकारी देते हुए बताया मैरिस रोड पर अस्पताल में एक मरीज को गोली मारने की सूचना मिली थी. घायल व्यक्ति को जेएन मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है. जांच में सामने आया है कि मथुरा की एक युवती से प्रेम-प्रसंग के चलते घायल का विवाद हुआ था. जिसके बाद इस घटना को अंजाम दिया गया है. जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर पूरे मामले का खुलासा कर दिया जाएगा.