समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश विधानसभा के आगामी विशेष सत्र से पहले एक प्रेस कॉन्फ्रेंस करके भाजपा पर तीखा हमला बोला. इस प्रेस कॉन्फ्रेंस में नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडे और वरिष्ठ नेता शिवपाल यादव समेत कई सपा विधायक मौजूद रहे. अखिलेश यादव ने कहा कि विधानसभा के विशेष सत्र में समाजवादी पार्टी का हर सदस्य मजबूती से भाजपा सरकार के खिलाफ अपनी आवाज उठाएगा.
उन्होंने ऐलान किया कि सपा सदन में भाजपा के खिलाफ निंदा प्रस्ताव लेकर आएगी और सरकार की नीतियों को जनता के सामने उजागर करेगी. उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी अपने संस्थापक मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों पर चल रही है और उन्हीं के आदर्शों के आधार पर जनता के मुद्दों को उठाया जा रहा है. अस्पताल में भर्ती बीजेपी की विधायक अनुपमा जायसवाल से मुलाकात के सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि वह मानवीय आधार पर उनसे मिलने और उनके स्वास्थ्य का हाल जानने गए थे.
बीजेपी विधायक अनुपमा जायसवाल महिला आक्रोश रैली में अखिलेश का पुतला जलाते वक्त आग की चपेट में आ गई थीं. इस हादसे में उनका चेहरा झुलस गया था. गाजीपुर मामले का जिक्र करते हुए अखिलेश ने बताया कि पार्टी का एक प्रतिनिधिमंडल वहां गया था और कई महत्वपूर्ण जानकारियां सामने आई हैं, लेकिन कुछ लोग सच्चाई को सामने नहीं आने देना चाहते. महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सपा प्रमुख ने योगी सरकार को घेरते हुए कहा कि राज्य में महिलाओं के खिलाफ घटनाएं बढ़ रही हैं और सरकार अपनी विफलताओं को छिपाने की कोशिश कर रही है.
" ये अख़बार वाले बीजेपी से मिलकर सर्वे कर रहे हैं, बिना प्रत्याशी के क्या सर्वे है? ये कहीं प्रीपेड स्मार्ट मीटर की तरह तो नहीं है? ये प्रीपेड सर्वे है कि पोस्टपेड सर्वे है?"
- माननीय राष्ट्रीय अध्यक्ष श्री अखिलेश यादव जी pic.twitter.com/C99zadECpl— Samajwadi Party (@samajwadiparty) April 29, 2026
उन्होंने दावा किया कि लखनऊ और आसपास के इलाकों में जनता भाजपा सरकार से नाराज है और बदलाव चाहती है. उत्तर प्रदेश को एक ट्रिलियन डॉलर इकोनॉमी बनाने के बीजेपी सरकार के लक्ष्य पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि जब तक किसानों को उनका हक नहीं मिलेगा, तब तक यह लक्ष्य हासिल नहीं किया जा सकता. अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि सरकार और बड़े उद्योगपति मिलकर मजदूरों का शोषण कर रहे हैं. पश्चिम बंगाल चुनाव का जिक्र करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि वहां ममता बनर्जी ऐतिहासिक जीत दर्ज करने जा रही हैं.
उन्होंने बिजली, महंगाई और प्रीपेड मीटर के मुद्दे पर भी भाजपा सरकार को घेरते हुए कहा कि आम जनता पर लगातार आर्थिक बोझ बढ़ाया जा रहा है. चुनाव व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए उन्होंने कहा कि आने वाले समय में बैलेट पेपर से चुनाव कराने की मांग को लेकर आंदोलन किया जाएगा. स्वास्थ्य सेवाओं पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि यदि समाजवादी पार्टी की सरकार बनती है, तो गरीबों को फिर से मुफ्त इलाज की सुविधा दी जाएगी. गंगा एक्सप्रेसवे को लेकर भी उन्होंने सरकार की आलोचना करते हुए कहा कि वहां मंडियों और सर्विस लेन जैसी बुनियादी सुविधाओं का अभाव है, जिससे आम लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है.