Agra News: जिप लाइन हादसे में किशोर की मौत के बीच आगरा विकास प्राधिकरण ने कार्रवाई करते हुए पूरे परिसर को अग्रिम आदेश तक बंद कर दिया है. मुख्य प्रवेश द्वार पर अंदर से ताला जड़ दिया गया है, जबकि टिकट काउंटर की खिड़कियां भी बंद कर दी गई हैं. हादसे के बाद चौपाटी के भीतर और बाहर सन्नाटा पसरा हुआ है.
हादसे की गंभीरता को देखते हुए एडीए उपाध्यक्ष एम. अरुन्मोली ने पांच सदस्यीय जांच समिति गठित कर दो दिन के भीतर रिपोर्ट तलब की है. एडीए सचिव संजय कुमार की अध्यक्षता में बनाई गई इस कमेटी में चीफ इंजीनियर, टाउन प्लानर, एक्सईएन और प्रवर्तन अधिकारी शामिल हैं.
समिति चौपाटी में एडवेंचर गतिविधियों का संचालन कर रही ईओडी एडवेंचर कंपनी के साथ हुए अनुबंध, सुरक्षा मानकों और हादसे के कारणों की विस्तृत जांच करेगी. रिपोर्ट में यह भी स्पष्ट किया जाएगा कि किसकी क्या जिम्मेदारी थी और कहां लापरवाही बरती गई. जांच के बाद दोषियों पर कार्रवाई तय मानी जा रही है.
ऐसे हुआ था हादसा
दरअसल, रविवार शाम चौपाटी में उस समय चीख-पुकार मच गई, जब फिरोजाबाद के चूड़ी कारोबारी पंकज अग्रवाल का 16 वर्षीय बेटा कुनाल अग्रवाल जिप लाइन झूले से नीचे गिर पड़ा. कुनाल अपने माता-पिता और भाई के साथ आगरा घूमने आया था. प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, जिप लाइन पर आगे बढ़ते समय उसकी सेफ्टी बेल्ट का हुक अचानक टूट गया. इसके बाद वह रेलिंग से टकराता हुआ करीब 45 फीट नीचे सिर के बल जा गिरा. गंभीर चोट लगने से मौके पर ही उसकी मौत हो गई.
सबसे दर्दनाक बात यह रही कि हादसे के वक्त नीचे खड़े कुनाल के माता-पिता और भाई उसका वीडियो बना रहे थे. पूरा हादसा मोबाइल फोन में रिकॉर्ड हो गया. बेटे को आंखों के सामने गिरता देख परिवार में कोहराम मच गया. माता-पिता बेटे के शव से लिपटकर बदहवास हो गए. मौके पर मौजूद लोगों की भीड़ भी हादसे से सहम गई.
सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल
घटना के बाद चौपाटी की सुरक्षा व्यवस्थाओं पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं. मृतक के पिता पंकज अग्रवाल ने आरोप लगाया कि परिसर में प्राथमिक उपचार की कोई व्यवस्था नहीं थी। न ही घायल को अस्पताल पहुंचाने के लिए एंबुलेंस या कोई वाहन उपलब्ध था। उनका कहना है कि यदि समय रहते इलाज मिल जाता, तो शायद बेटे की जान बचाई जा सकती थी।
पुलिस ने पीड़ित पिता की तहरीर पर मुकदमा दर्ज करते हुए ईओडी एडवेंचर कंपनी से जुड़े दो कर्मचारियों- 2 को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है. पुलिस मामले की जांच में जुटी है.
गौरतलब है कि एडीए ने जयपुर के मसाला चौक की तर्ज पर ताजनगरी फेज-2 स्थित जोनल पार्क में चौपाटी विकसित की थी. इसका उद्घाटन 11 फरवरी 2023 को किया गया था. शुरुआती दिनों में यहां पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ उमड़ती थी, लेकिन समय के साथ यहां लोगों की आवाजाही कम हो गई और अधिकांश दुकानें बंद होने लगीं. इसके बाद एडीए ने पिछले वर्ष अक्टूबर में चौपाटी का संचालन आउटसोर्स करते हुए ईओडी एडवेंचर कंपनी को सौंप दिया था. कंपनी ने यहां जिप लाइनिंग, जिप साइकिलिंग, गो-कार्टिंग और बुल राइड जैसे एडवेंचर स्पोर्ट्स शुरू किए थे. हादसे के बाद अब कंपनी की सुरक्षा व्यवस्था और संचालन प्रणाली पर गंभीर सवाल उठ रहे हैं.