आज के समय में सोशल मीडिया आम लोगों के लिए ज्यादा से ज्यादा बड़े क्षेत्र तक अपनी बात पहुंचाने का महत्वपूर्ण जरिया बन गया है. अब इस वर्चुअल दुनिया में लोग सरकार या किसी भी बड़ी संस्था या शख्सियत के खिलाफ अपनी आवाज बुलंद कर सकते हैं. कुछ ऐसे ही मामले को लेकर इन दिनों एक रूसी इंफ्लुएंसर काफी चर्चा में हैं. उन्होंने रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन की नीतियों को लेकर सोशल मीडिया पर खुलेआम अपना गुस्सा जाहिर किया है.
सीएनएन की रिपोर्ट के मुताबिक, रूस की एक हाई-प्रोफाइल लाइफस्टाइल इन्फ्लुएंसर्स ने पुतिन की नीतियों पर अपना गुस्सा जाहिर करते हुए अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में काफी कुछ कहा है. इस ब्यूटी इंफ्लुएंसर का नाम विक्टोरिया बोन्या है. बोन्या अपने मेकअप टिप्स और लाइफस्टाइल कंटेंट के लिए जानी जाती हैं.
रूसी ब्यूटी इन्फ्लुएंसर विक्टोरिया बोन्या ने राष्ट्रपति पुतिन को संबोधित करते हुए अपने इंस्टाग्राम पोस्ट में कहा है कि लोग आपसे डरते हैं. यह उनके शुरुआती शब्द थे. उन्होंने आगे कहा कि लोग आपसे डरते हैं, ब्लॉगर आपसे डरते हैं, कलाकार आपसे डरते हैं, गवर्नर आपसे डरते हैं और आप हमारे देश के राष्ट्रपति हैं. उन्होंने पुतिन को सीधे संबोधित करते हुए ये बातें कहीं. साथ ही वह पुतिन का समर्थन करने का दावा भी करती हैं.
बोन्या ने रूस की कई समस्याओं को गिनाया. इनमें दागेस्तान में बाढ़ की समस्या को लेकर कथित धीमी प्रतिक्रिया, साइबेरिया में हाल ही में हुए पशुधन संहार में सरकार की क्रूरतापूर्ण लापरवाही और ऑनलाइन सोशल नेटवर्क पर बढ़ते प्रतिबंध शामिल हैं. इंस्टा पोस्ट में उन्होंने आरोप लगाया कि ये प्रतिबंध लोगों को अपने प्रियजनों से संवाद करने से रोक रहे हैं. उन्होंने कहा कि ऐसा लगता है कि हम अब एक स्वतंत्र देश में नहीं रह रहे हैं.
बोन्या, जो अब मोनाको में रहती हैं और उनका अपना कॉस्मेटिक्स ब्रांड है. शुक्रवार दोपहर तक बोन्या के इंस्टाग्राम वीडियो पर 26 मिलियन व्यूज और 75,000 से अधिक कमेंट्स मिले थे, जिनमें से कई उनकी बहादुरी की सराहना कर रहे थे. इसी कड़ी में एक और लोकप्रिय रूसी लाइफस्टाइल और ब्यूटी इन्फ्लुएंसर, आइजा, जो विदेश में रहती हैं. उन्होंने भी अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर बोन्या का समर्थन करते हुए दावा किया कि टेलीग्राम मैसेजिंग प्लेटफॉर्म पर लगाए गए नए प्रतिबंध रूसी अर्थव्यवस्था को भारी नुकसान पहुंचाएंगे. हालांकि, बाद में आइजा ने अपना वीडियो डिलीट कर दिया.