
खाना खाते हुए गले में निवाला अटक जाए तो हमें बहुत परेशानी होती है. सोचिए अगर कोई बड़ी चीज इस तरह गले में अटके तो क्या होगा? कई बार ऐसे मामले सामने आते हैं, जिनपर यकीन कर पाना किसी के लिए भी मुश्किल हो जाए. एक व्यक्ति के साथ कुछ ऐसा ही हुआ.
सीटी स्कैन किया तो उड़े डॉक्टरों के होश
55 साल का व्यक्ति सेफलोपॉड वाला खाना (एक प्रकार का सी फूड) खाने के बाद निगलने में कठिनाई, दर्द और उल्टी की शिकायत के साथ अस्पताल पहुंचा था. न्यूयॉर्क पोस्ट की रिपोर्ट के अनुसार, सिंगापुर के टैन टॉक सेंग अस्पताल के डॉक्टरों ने सीटी स्कैन किया, जिसमें आदमी के फूड पाइप में कुछ दिखाई पड़ा.
फूड पाइप में फंसा था ऑक्टोपस
डॉक्टर यह देखकर हैरान रह गए कि एक शख्स के फूड पाइप में एक ऑक्टोपस फंसा हुआ है. आपने बिल्कुल रही पढ़ा- ये छह या आठ पैरों वाला ऑक्टोपस ही था. बाद में एसोफैगोगैस्ट्रोडोडेनोस्कोपी - एक छोटी, लचीली ट्यूब से जुड़ी एक गैस्ट्रोइंटेस्टाइनल जांच के दौरान एक ऑक्टोपस को एसोफैगस-पेट की सीमा से दो इंच की दूरी पर फंसा हुआ पाया गया.
कैसे बाहर निकाला गया ऑक्टोपस?
अमेरिकन गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिकल एसोसिएशन (एजीए) ने बताया कि ऑक्टोपस को बाहर निकालने के शुरुआती प्रयास असफल रहे. इसके बाद डॉक्टरों ने सावधानीपूर्वक एंडोस्कोप को ऑक्टोपस के पीछे से पेट में डाला और रेट्रोफ्लेक्स किया. ऑक्टोपस के सिर को पकड़ने और उसे हटाने के लिए फोरसेप का उपयोग किया गया. इस प्रक्रिया के दो दिन बाद मरीज को पूरी तरह से ठीक होने पर छुट्टी दे दी गई.
अस्पताल के शोधकर्ताओं के अनुसार, खाते हुए गले में ऐसी अजीब चीजें अटकने के कई मामले उनके सामने आते रहे हैं. उन्होंने कहा कि 10% से 20% मामलों में एंडोस्कोपिक की आवश्यकता होती है, जबकि उनमें से 1% में सर्जरी की आवश्यकता होती है. मेडिकल टीम ने कहा, "'पुश टेकनीक' हाइएस्ट सक्सेसफुल रेट के साथ प्राथमिक उपचार रहता है.

शख्स के गले में फंस गई थी जिंदा मछली
लोगों के गले में अजीब चीजें फंसने की यह अकेली विचित्र घटना नहीं है जो हाल ही में सामने आई है. पिछले साल, थाईलैंड में एक आदमी ताजे पानी में भाले से मछली पकड़ रहा था, तभी एक मछली पानी से बाहर निकली और उसके मुंह में कूद गई, और श्वास नली में फंस गई.
दो साल के बच्चे के गले में फंसा था ऑक्टोपस
रायटर्स की खबर के अनुसार 2016 में भी ऐसा ही एक मामला सामने आया था जब संयुक्त राज्य अमेरिका के कैनसस में दो साल के बच्चे के गले के अंदर एक ऑक्टोपस पाया गया था. इस मामले में 36 वर्षीय एक व्यक्ति को बाल शोषण के संदेह में गिरफ्तार किया गया था क्योंकि डॉक्टरों ने लड़के के चेहरे पर चोटें भी देखी थीं.