आज के दौर में सोशल मीडिया पर रील बनाने का क्रेज इस हद तक बढ़ गया है कि कई लोग इसके लिए सीमाएं भूलते नजर आ रहे हैं. पब्लिक जगहों से लेकर जोखिम भरे लोकेशन तक, हर जगह वीडियो बनाने की होड़ लगी है. इसी बीच एक ऐसा वीडियो सामने आया है, जिसने लोगों को चौंका दिया है.
वायरल क्लिप में एक युवती दिल्ली मेट्रो के अंदर रील शूट करती दिख रही है. बताया जा रहा है कि मेट्रो में यात्री सामान्य तरीके से बैठे हुए थे, तभी अचानक यह युवती तेज आवाज में चिल्लाते हुए वीडियो रिकॉर्ड करने लगी. उसकी इस हरकत ने माहौल को असहज बना दिया और आसपास बैठे लोग हैरान रह गए.
दृश्य में साफ नजर आता है कि युवती पूरी तरह कैमरे पर केंद्रित है और उसे आसपास बैठे यात्रियों की कोई परवाह नहीं है. उसका व्यवहार देखकर पहले तो लोग समझ ही नहीं पाए कि क्या हो रहा है, लेकिन जैसे ही पता चला कि यह सब रील के लिए किया जा रहा है, कई लोग अचंभित रह गए.
देखें वायरल वीडियो
वीडियो देख लोगों ने क्या कहा
इस वीडियो के सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर लोगों की तीखी प्रतिक्रियाएं देखने को मिल रही हैं. यूजर्स का कहना है कि इस तरह की हरकतें न केवल दूसरों को परेशान करती हैं, बल्कि समाज में गलत संदेश भी देती हैं. कई लोगों ने इसे गैर-जिम्मेदाराना और अनुचित बताया है.
दरअसल, हाल के समय में रील्स के नाम पर खतरनाक और अजीबोगरीब स्टंट करने के मामले बढ़े हैं. कोई ऊंचे पहाड़ों के किनारे वीडियो बनाता है, तो कोई झरनों या जानवरों के पास जाकर जोखिम उठाता है. कई मामलों में ऐसे स्टंट जानलेवा भी साबित हुए हैं, लेकिन इसके बावजूद यह ट्रेंड थमता नजर नहीं आ रहा.
मेट्रो पर ऐसी हरकत करने पर क्या कहता है कानून
मेट्रो जैसे सार्वजनिक परिवहन में भी इस तरह की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं. कभी कोई डांस करता दिखता है, तो कभी कोई अजीब हरकतों से लोगों का ध्यान खींचने की कोशिश करता है.
इसी तरह की गतिविधियों पर रोक लगाने के लिए सख्ती भी बढ़ाई गई है. नियमों के मुताबिक, मेट्रो परिसर में अनुचित व्यवहार या दूसरों को परेशान करने पर जुर्माना लगाया जा सकता है. कुछ मामलों में यह रकम 500 रुपये तक हो सकती है. यदि हरकत ज्यादा गंभीर पाई जाती है, तो संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पुलिस कार्रवाई भी की जा सकती है.
यह घटना एक बार फिर सवाल खड़ा करती है कि क्या कुछ लाइक्स और व्यूज के लिए सार्वजनिक जगहों पर इस तरह का व्यवहार सही ठहराया जा सकता है.