दुनिया के सबसे अमीर हस्तियों में से एक और स्पेसएक्स के मालिक एलन मस्क का वीडियो वायरल हो रहा है. इस वीडियो में एलन मस्क मीडिया के कैमरे से बचते नजर आए, लेकिन फिर भी मीडियाकर्मियों ने उन्हें पहचान लिया. इस वीडियो में एलन मस्क अपनी सिक्योरिटी के जरिए मीडिया कर्मियों से प्रैंक करते हैं और उसके बाद उनसे बचने की कोशिश करते हैं. इसके बाद से उनकी सिक्योरिटी की भी चर्चा हो रही है.
क्या था पूरा मामला?
दरअसल, एलन मस्क सैन फ्रांसिको के एक कोर्टहाउस में ट्विटर से जुड़े एक मामले में गवाह के रूप में पेश होने जा रहे थे. उनके आने से पहले मीडिया कोर्ट हाउस के बाहर मौजूद थी और कैमरापर्सन मस्क की फोटो क्लिक करने और वीडियो बनाने के लिए इंतजार कर रहे थे. उस वक्त एलन मस्क ने मीडिया से बचने के लिए एक तरीका अपनाया, लेकिन वो फिर भी बच नहीं पाए.
इस वक्त मस्क ने खुद से पहले एक ब्लैक टेस्ला कार को भेजा और उसमें कई सिक्योरिटी गार्ड भी थे. जैसे ही वो कार गेट के बाहर रुकी, वहां खड़े कैमरापर्सन उनकी फोटो के लिए उधर बढ़ गए. फिर कार से सिक्योरिटी गार्ड निकले और लग रहा था कि मस्क उसी कार में ही होंगे. लेकिन, ऐसा नहीं था. मस्क किसी और कार में थे और सभी फोटोग्राफर्स का ध्यान डिकॉय टेस्ला की तरफ था. ऐसे में मस्क ने मीडिया के पीछे से निकलने की कोशिश की.
लेकिन, फिर भी कुछ लोगों को पता लग गया कि वो दूसरी कार से आ रहे हैं और वो जल्दी से कोर्ट रूम में घुस गए. इस दौरान कोई भी उनकी फोटो क्लिक नहीं कर पाया. अब इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें दिख रहा है कि मस्क मीडियाकर्मियों के साथ प्रैंक कर रहे हैं. आपको बता दें कि मस्क उस केस के सिलसिले में कोर्ट पहुंचे थे, जिसमें पूर्व ट्विटर शेयरधारक आरोप लगा रहे हैं कि मस्क ने 2022 में ट्विटर के शेयर की कीमत को नीचे गिराने की कोशिश की ताकि वह कंपनी को सस्ते में खरीद सकें.
मस्क के पास कितनी सिक्योरिटी है?
मस्क हमेशा एक सुरक्षा घेरे में रहते हैं. मस्क के कुछ सिक्योरिटी गार्ड्स तो ऐसे हैं, जो हमेशा साथ रहते हैं और यहां तक कि वॉशरूम में भी साथ रहते हैं. एलन मस्क ट्विटर कार्यालय में काम करते समय भी हमेशा अपने बॉडीगार्ड्स से घिरे रहते हैं. ऑफिस में वे जहां भी जाते हैं, उनके साथ कम से कम दो बॉडीगार्ड होते हैं - बहुत हट्टे-कट्टे, लंबे, हॉलीवुड फिल्मों के स्टाइल वाले बॉडीगार्ड. वैसे आमतौर पर एलन मस्क की हाई-लेवल सिक्योरिटी में 20 गार्ड्स हैं, जिनपर हर साल 2.4 मिलियन डॉलर से ज्यादा खर्चा होता है.