
इस हफ्ते भारत में दो चीजें सबसे ज्यादा गूगल पर सर्च हुईं. पहली 'कॉकरोच जनता पार्टी', जो एक मजाक में शुरू हुई लेकिन पूरे देश में वायरल हो गई. दूसरी 'Melody', वो छोटी-सी टॉफी जो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इटली की PM को गिफ्ट कर दी और इंटरनेट धमाल मच गया. दोनों किस्से अलग-अलग हैं, लेकिन एक बात कॉमन है कि दोनों ने कुछ ही दिनों में करोड़ों लोगों का ध्यान खींच लिया.
कॉकरोच जनता पार्टी का मामला
बात शुरू हुई तब, जब देश के चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने एक टिप्पणी की. उन्होंने बेरोजगार नौजवानों की तुलना 'कॉकरोच' से की. हालांकि बाद में उन्होंने कहा कि उनकी बात को गलत तरीके से पेश किया गया.लेकिन तब तक सोशल मीडिया पर बात फैल चुकी थी.
16 मई को AAP के पूर्व राजनीतिक सलाहकार अभिजीत दीपके ने इस बात के जवाब में एक नई 'पार्टी' बना दी - कॉकरोच जनता पार्टी. यह कोई असली पार्टी नहीं थी. यह एक तरह का सोशल मीडिया विरोध था, जिसमें मजाक और व्यंग्य के जरिए सरकार और सिस्टम पर सवाल उठाए गए.
लोगों ने इसे हाथों-हाथ लिया. मीम्स बने, पोस्ट वायरल हुए, और देखते-देखते यह पूरे देश में ट्रेंड करने लगा.
गूगल पर यह नाम 15 मई से 22 मई के बीच तेजी से सर्च होने लगा. शुरू में सर्च कम था, फिर धीरे-धीरे बढ़ा और 21 मई को इसकी सबसे ऊंची चोटी आई.

पूरे देश में सबसे ज्यादा यह त्रिपुरा में सर्च हुआ. उसके बाद अंडमान-निकोबार और दिल्ली का नंबर आता है. यह ट्रेंड भारत की सीमाओं से भी बाहर निकल गया. UAE, नेपाल, कतर और कुवैत में भी लोगों ने इसे गूगल पर खोजा.
यह भी पढ़ें: क्या AAP का 'सीक्रेट प्रोजेक्ट' है कॉकरोच जनता पार्टी? पूर्व नौकरशाह आशीष जोशी ने उठाए सवाल, वापस लिया समर्थन
Melody का मामला
20 मई के करीब, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच देशों के दौरे के आखिरी पड़ाव पर थे. इटली में उनकी मुलाकात वहां की PM जॉर्जिया मेलोनी से हुई. इस मुलाकात के दौरान मोदी ने मेलोनी को Melody टॉफी गिफ्ट की.
बस यहीं से मामला हुआ. इंटरनेट ने इसे हाथों-हाथ उठाया. मीम्स की बाढ़ आ गई. 'Melody' अचानक गूगल ट्रेंड में आ गई. भारत में इसे सबसे ज्यादा मिजोरम में सर्च किया गया, फिर नागालैंड और मणिपुर का नंबर आया.
दुनियाभर में देखें तो तंजानिया में 'Melody' सबसे ज्यादा सर्च हुई. लेकिन वहां एक अलग वजह हो सकती है. तंजानिया में Jay Melody नाम का एक मशहूर सिंगर है, जिसकी वजह से वहां पहले से ही इस शब्द की सर्च होती है. इसके अलावा म्यांमार, स्लोवाकिया और केन्या में भी इस नाम को खोजा गया.
यह भी पढ़ें: PM Modi ने Giorgia Meloni को गिफ्ट की Melody Toffee, सोशल मीडिया पर छाए ये Memes

गूगल ट्रेंड्स कैसे काम करता है?
गूगल ट्रेंड्स किसी भी शब्द की सर्च को 1 से 100 के बीच की संख्या में दिखाता है. 100 का मतलब है कि उस समय उस शब्द को सबसे ज्यादा खोजा गया. यह असली सर्च की संख्या नहीं बताता, बल्कि यह बताता है कि किसी शब्द का चलन बाकी समय की तुलना में कितना ज्यादा या कम था.