सालिगांव (Saligao) भारत के गोवा राज्य के उत्तर गोवा जिले में स्थित एक नगर है. यह बारदेज (Bardez) तालुका का हिस्सा है और अपने आसपास कई प्रमुख गांवों से घिरा हुआ है. इनमें पोरवोरिम, पर्रा, गुइरिम, सांगोल्डा, पिलेर्ने, कैंडोलिम, कैलंगुट और नागोआ शामिल हैं. सालिगांव, गोवा की राजधानी पणजी से लगभग 10 किलोमीटर, बारदेज तालुका के मुख्य शहर मापुसा से करीब 6 किलोमीटर और कैलंगुट बीच से लगभग 3 किलोमीटर की दूरी पर स्थित है.
शिक्षा के क्षेत्र में सालिगांव में कई पुराने और प्रसिद्ध संस्थान मौजूद हैं. यहां स्थित मेटर देई इंस्टीट्यूशन (Mater Dei Institution) गोवा के शुरुआती अंग्रेजी माध्यम स्कूलों में से एक है. इसकी शुरुआत वर्ष 1900 में सेंट मैरीज नाम से हुई थी, जिसे बाद में 1909 में मेटर देई नाम दिया गया. इसके अलावा यहां लूर्डेस कॉन्वेंट हाई स्कूल और सरकारी मिडिल स्कूल भी संचालित हैं.
धार्मिक स्थलों की बात करें तो यहां माए दे देउस पैरिश चर्च (Mãe de Deus Parish Church) वर्ष 1873 में बनाया गया था. इसके अलावा सालिगांव में शारवणी, दत्तात्रेय, लक्ष्मी नारायण और विट्ठल जैसे कई हिंदू मंदिर भी स्थित हैं, जो अलग-अलग क्षेत्रों में बने हुए हैं.
स्वास्थ्य सेवाओं के लिए यहां सालिगांव मेडिकल सेंटर मौजूद है, जो पैरिश चर्च के पास स्थित है. यहां सुबह के समय सामान्य चिकित्सक (General Practitioner) उपलब्ध रहते हैं और जांच सहित अन्य स्वास्थ्य सुविधाएं भी मिलती हैं.
सामाजिक सेवाओं के तहत यहां क्रिस्ट राज भवन और माए दे देउस होम फॉर द एज्ड जैसे वृद्धाश्रम संचालित हैं, जिनका संचालन फ्रांसिस्कन मिशनरीज ऑफ क्राइस्ट द किंग की सिस्टर्स द्वारा किया जाता है.
सालिगांव में प्रत्येक मंगलवार को 'मेड इन सालीगांव मार्केट' का आयोजन किया जाता है. इस साप्ताहिक बाजार में गांव में तैयार किए गए विभिन्न उत्पादों की बिक्री होती है. इसका आयोजन सालीगांव इंस्टीट्यूट द्वारा किया जाता है, जिसकी स्थापना वर्ष 1929 में हुई थी. यह बाजार स्थानीय स्तर पर तैयार उत्पादों को लोगों तक पहुंचाने का माध्यम है.