बृजेश सिंह (Brijesh Singh) भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेता हैं और वर्तमान में उत्तर प्रदेश की 18वीं विधानसभा में देवबंद विधानसभा सीट का प्रतिनिधित्व कर रहे हैं. इससे पहले भी वह 17वीं विधानसभा के सदस्य रह चुके हैं.
बृजेश सिंह का राजनीतिक सफर छात्र राजनीति से शुरू हुआ. वर्ष 1994 में उन्होंने राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के छात्र संगठन अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (ABVP) के साथ सक्रिय राजनीति में कदम रखा. इसके बाद वह भाजपा के युवा संगठन भारतीय जनता युवा मोर्चा (BJYM) से जुड़े और संगठन में विभिन्न जिम्मेदारियां निभाईं. इस दौरान उन्होंने जिला सचिव, जिला उपाध्यक्ष, पश्चिम उत्तर प्रदेश के प्रभारी और राज्य उपाध्यक्ष जैसे पदों पर काम किया.
साल 2016 में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव से पहले भाजपा ने उन्हें पश्चिम उत्तर प्रदेश का सचिव नियुक्त किया. वर्तमान में वह उत्तर प्रदेश भाजपा की राज्य कार्यसमिति के सदस्य भी हैं.
वर्ष 2017 के विधानसभा चुनाव में भाजपा ने उन्हें देवबंद विधानसभा सीट से उम्मीदवार बनाया. इस चुनाव में उन्होंने जीत दर्ज की और पहली बार विधायक बने. इसके बाद 2022 के विधानसभा चुनाव में भी उन्होंने इसी सीट से जीत हासिल कर लगातार दूसरी बार विधानसभा पहुंचे.
मार्च 2017 में बृजेश सिंह ने देवबंद विधानसभा क्षेत्र का नाम बदलकर 'देववृंद' करने का प्रस्ताव भी रखा था, जिसकी उस समय राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर चर्चा हुई थी.