नेपाल और संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने बांग्लादेश में होने वाली आईसीसी टी20 विश्व चैंपियनशिप के लिये क्वालीफाई कर लिया है. अबुधाबी में खेले जा रहे क्वालीफायर्स के पहले क्वार्टर फाइनल में नेपाल ने हॉंगकॉंग को पांच विकेट से जबकि अंतिम आठ के एक अन्य मैच में यूएई ने हॉलैंड को दस रन से हराया.
यह पहला अवसर है जबकि नेपाल और यूएई ने आईसीसी की इस प्रतिष्ठित प्रतियोगिता के लिये क्वालीफाई किया. अफगानिस्तान और आयरलैंड पहले ही विश्व कप टी20 में जगह बना चुके हैं. अभी दो टीमों के पास क्वालीफाई करने का मौका है.
यूएई की टीम ने 1996 में एकदिवसीय विश्व कप में भाग लिया था लेकिन नेपाल के लिये यह पहला मौका होगा जबकि उसकी टीम किसी बड़े टूर्नामेंट में हिस्सा लेगी. इस तरह से टी20 विश्व कप में एशिया की छह टीमों ने जगह बना ली है.